रविंद्र नाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर यूथ इंडिया क्लब ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
अकलतरा – महान साहित्यकार, कवि एवं राष्ट्रचिंतक गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर की पुण्यतिथि के अवसर पर यूथ इंडिया क्लब द्वारा नगर के गायत्री शिशु मंदिर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, कार्यक्रम में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए,
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना और समाज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करना रहा। सम्मान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया,
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य दीनानाथ पांडेय। ने कहा कि रविंद्र नाथ टैगोर केवल भारत के महान कवि ही नहीं, बल्कि शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और मानवतावादी विचारों के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर बल दिया। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी हैं, यूथ इंडिया क्लब के अध्यक्ष मन्नू थवाईत ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निरंतर निखारने की आवश्यकता है, समाज और संस्थाओं द्वारा प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने से उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है, हर्ष थवाईत ने कहा कि युवा ही देश की वास्तविक शक्ति हैं। प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना केवल सम्मान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके भीतर समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी माध्यम है। क्लब द्वारा भविष्य में भी शिक्षा, युवा जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा,
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए सम्मान के लिए यूथ इंडिया क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में रामनाथ पांडेय यूथ इंडिया क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्कूल के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।।

