दर्रीटांड़ से फोरलेन अर्जुनी पहुंच मार्ग गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी,
छह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनी सड़क बदहाल, मरम्मत एवं रखरखाव के अभाव में आवागमन हुआ मुश्किल, विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि बरसात के बाद मार्ग में चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण का कार्य शुरू होगा ।
अकलतरा – ग्राम दर्रीटांड़ से फोरलेन अर्जुनी तक पहुंचने वाला महत्वपूर्ण मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है, लगभग छह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित इस सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, सड़क की स्थिति लगातार खराब होने के बावजूद अब तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग द्वारा आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य नहीं कराए जाने से ग्रामीणों को भारी असुविधाओं के बीच आवागमन करना पड़ रहा है,
ग्राम दर्रीटांड़, रसेड़ा, अर्जुजी, करुमहु सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह मार्ग आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है, बिलासपुर जाने का वैकल्पिक पहुंच मार्ग होने से प्रतिदिन ग्रामीण इसी मार्ग से फोरलेन अर्जुनी पहुंचते हैं तथा बाजार, अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। लेकिन सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और उखड़ी हुई सड़क के कारण वाहन चालकों को बेहद सावधानी से गुजरना पड़ रहा है। 
बारिश में स्थिति और भी हुई गंभीर –
वर्तमान में बारिश के मौसम में सड़क की हालत और अधिक खराब हो गई है। कई गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। रात के समय सड़क की स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है, क्योंकि गड्ढे स्पष्ट दिखाई नहीं देने से वाहन अनियंत्रित होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का मुख्य उद्देश्य गांवों को बेहतर एवं सुगम सड़क सुविधा से जोड़ना है, लेकिन निर्माण के कुछ वर्षों बाद ही सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद समय पर मरम्मत नहीं होना विभागीय निगरानी एवं रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी –
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के निर्माण के बाद से नियमित रूप से आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव किया जाता तो वर्तमान में सड़क की ऐसी स्थिति नहीं बनती। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को अपने वाहनों की गति कम करनी पड़ती है। इससे आवागमन का समय भी बढ़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
विशेषकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन से आवागमन करने वाले ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढों को भरने तथा आवश्यकतानुसार सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग –
ग्रामीणों का कहना है कि दर्रीटांड़ से फोरलेन अर्जुनी पहुंच मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो आगामी दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो सकती है तथा आवागमन पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर सड़क की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य शुरू कराया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि अच्छी सड़क सुविधा उनका मूलभूत अधिकार है और विभाग को इस दिशा में गंभीरता से पहल करते हुए समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।
अब देखना होगा कि वर्षों से बदहाल इस महत्वपूर्ण मार्ग की सुध विभाग कब लेता है और ग्रामीणों को गड्ढों से निजात दिलाने के लिए मरम्मत कार्य कब शुरू कराया जाता है!
राज्य शासन एवं जिला प्रशासन को पत्र लिखने पर सड़क निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत की गई जल्द ही कार्य शुरू होगा विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह – विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि एनएच अर्जुनी से ग्राम कोटमीसोनार पहुंच मार्ग में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में सड़क गड्ढो में तब्दील होने से सड़क का चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण कार्य की मांग को लेकर राज्य शासन एवं जिला प्रशासन को पत्र लिखने पर जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज संस्थान मद से एनएच अर्जुनी से ग्राम कोटमीसोनार तक सड़क का चौड़ीकरण एवं नवीकरण कार्य के लिए 8 करोड रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई थी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग द्वारा निर्माण कार्य के लिए निविदा का प्रकाशन करने के साथ निविदा की प्रक्रिया को पूर्ण किया जा चुका है बरसात के बाद सड़क में चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण का कार्य शुरू होने के साथ क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।













