शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
अकलतरा – नगर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला स्वतंत्रता दिवस की 80 वी वर्षगांठ अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाई गई, विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों ने राष्ट्रप्रेम और देश के वीर सपूतों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को और बढ़ाया,
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर पूर्व माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विभाग की छात्राओं द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में भारत माता, वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई एवं छत्तीसगढ़ महतारी की जीवंत झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया और छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि चंद्र प्रकाश शर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी, कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष शकुन देव अघरिया, ने की , विशिष्ट अतिथि पार्षद पुरुषोत्तम नामदेव उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति की भावना से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों ने छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों से अवगत कराया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का वातावरण निर्मित किया।
मुख्य अतिथि चंद्र प्रकाश शर्मा ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की अधोसंरचना को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया, उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए मजबूत अधोसंरचना आवश्यक है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए जाने चाहिए।
विशिष्ट अतिथि पुरुषोत्तम नामदेव ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा परीक्षाओं में बेहतर परिणाम लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के प्रति समर्पण की भावना रखते हुए भविष्य में राष्ट्र की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य हरीश चौहान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए शाला का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहयोग प्रदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में नानक रोहरा, नवल अग्रवाल,रवीन्द्र सिंह, राम भरोस कैवर्त, आयुष शर्मा, करण जैसवाल, फियाशु विश्वकर्मा, अश्विनी साहू सहित बड़ी संख्या में पालक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, मंच संचालन विजय साहू एवं योगेश राठौर ने प्रभावी ढंग से किया, जबकि विमला बघेल ने आभार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बबीता लदेर, ज्योति ओझा सहित पूर्व माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विभाग के सभी व्याख्याताओं एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह का समापन राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देशहित में कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन छात्राओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने वाला साबित हुआ।













