लायंस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर रहा समारोह; विंध्याचल सदन ने जीता सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट का पुरस्कार
अकलतरा – नगर के लायंस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में देशभक्ति, उत्साह एवं गौरव की भावना के साथ भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया, विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह में विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों, अनुशासित मार्च पास्ट और देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष लायन राजेन्द्र शर्मा , विशिष्ट अतिथि पंचराम साहू उपस्थित रहे, मुख्य अतिथि के आगमन पर उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया, इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रगान की गूंज के साथ पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से भर उठा।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत परेड का निरीक्षण किया। विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन, आत्मविश्वास और जोश के साथ शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं बैज लगाकर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, देशभक्ति समूहगान, पी.टी. प्रदर्शन, फैंसी ड्रेस सहित विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। हिमालय सदन एवं सह्याद्रि सदन के विद्यार्थियों ने देशभक्ति समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। वहीं नीलगिरि सदन एवं विंध्याचल सदन के विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां समारोह के विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका सीमा देबनाथ ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का स्वागत किया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, संस्कार एवं कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में आत्मसात करते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि लायन राजेंद्र शर्मा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, मेहनत और अच्छे संस्कारों को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल अच्छे विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि अच्छे इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनें तथा अपने कर्मों से माता-पिता, विद्यालय और देश का नाम रोशन करें।
विद्यालय के मैनेजर सी.एम. पांडेय ने भी 80वें स्वतंत्रता दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
विंध्याचल सदन ने जीता सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट पुरस्कार –
मार्च पास्ट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट अनुशासन, बेहतर तालमेल, कदमों की एकरूपता एवं शानदार प्रदर्शन के आधार पर विंध्याचल सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए सर्वश्रेष्ठ मार्च पास्ट का पुरस्कार अपने नाम किया। पुरस्कार मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और अधिक जीवंत बना दिया। अभिभावकों एवं अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
अंत में आभार प्रदर्शन किया गया। इसके पश्चात वैदिक शांति पाठ के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमामय समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी, कार्यक्रम में विद्यालय के समक्ष शिक्षक एवं शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













