स्वतंत्रता दिवस समारोह में मौन धारण कराने पर भाजपा पार्षदों ने जताई आपत्ति, कार्रवाई की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अकलतरा – नगर पालिका परिषद अकलतरा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान मौन धारण करवाए जाने का मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चा का विषय बन गया है, स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम में मौन धारण कराए जाने को लेकर भाजपा पार्षदों एवं एल्डरमैनों ने आपत्ति जताते हुए संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है, इस संबंध में भाजपा पार्षदों एवं एल्डरमैनों के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व ) सुमित बघेल
को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है, भाजपा पार्षदों एवं एल्डरमैनों ने बताया कि 15 अगस्त को नगर पालिका परिषद अकलतरा में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया था, समारोह के दौरान एक समय पर उपस्थित लोगों से मौन धारण करवाया गया, यह घटनाक्रम सामने आने के बाद नगर में दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। भाजपा पार्षदों एवं एल्डरमैनों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस देश की स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति सम्मान का पर्व है, ऐसे राष्ट्रीय महत्व के आयोजन में कार्यक्रम की गरिमा और निर्धारित प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है,
ज्ञापन के माध्यम से इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की आखिर किसके निर्देश पर मौन धारण कराया गया और इसके पीछे क्या कारण था, राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि नहीं होनी चाहिए, जिससे कार्यक्रम की गरिमा को लेकर सवाल खड़े हों रहे है,
भाजपा पार्षदों एवं एल्डरमैनों ने एसडीएम से मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए और यदि किसी स्तर पर नियमों अथवा निर्धारित व्यवस्था का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह सभी राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है, इसलिए ऐसे आयोजनों में प्रशासनिक पारदर्शिता एवं मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।
वहीं, स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मौन धारण करवाए जाने को लेकर नगर में दिनभर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। अब भाजपा पार्षदों द्वारा एसडीएम को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद मामले ने नया राजनीतिक एवं प्रशासनिक रूप ले लिया है। लोगों की नजर अब प्रशासन की जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
भाजपा पार्षदों एवं एल्डरमैनों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाने की नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखने तथा पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने लाने की है। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ज्ञापन कार्यक्रम मे पार्षद सुनीता सिंह, दिनेश दास महंत, मुरली धर मिश्रा, माधुरी देवी पालीवाल, सुरेश मिर्चनय, समिता सिन्हा, कमलेश्वर दास वैष्णव, एल्डरमैन श्याम चरण चौधरी, शिव गौंधरिया, भारती देवांगन, पूर्व एल्डरमैंन गौरीरानी गुईन, मुरलीधर देवांगन उपस्थित रहे ।













