श्याम मनोहर मंदिर में श्याम बाबा का सिंधारा एवं झूला महोत्सव धूमधाम से मनाया गया
भजनों पर देर रात तक झूमते रहे श्याम प्रेमी, बाबा को लगाया गया छप्पन भोग; श्याम रसोई में भक्तों के लिए प्रसाद की व्यवस्था
अकलतरा – पुत्रदा एकादशी एवं सावन मास के पावन अवसर पर नगर के श्री श्याम मनोहर मंदिर में बाबा श्याम का सिंधारा एवं झूला महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। पहली बार आयोजित इस विशेष धार्मिक आयोजन को लेकर श्याम प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा झूले में विराजमान बाबा श्याम का मनमोहक दरबार भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत संध्या आरती के पश्चात बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद भावपूर्ण भजनों के माध्यम से बाबा श्याम का स्वागत एवं सत्कार किया गया। झूले में सजे बाबा श्याम के अलौकिक श्रृंगार को देखकर भक्त भाव-विभोर हो उठे। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का ऐसा वातावरण निर्मित हुआ कि श्रद्धालु स्वयं को बाबा की भक्ति में पूरी तरह समर्पित करते नजर आए।
भजन गायिका मोनिका अग्रवाल ने बांधा समां
महोत्सव में कोरबा से पहुंचीं प्रसिद्ध भजन गायिका मोनिका अग्रवाल एवं अन्य भजन गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्याम प्रेमियों को देर रात तक भक्तिरस में सराबोर किया। मोनिका अग्रवाल ने बाबा श्याम के श्रृंगार का गुणगान करते हुए भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किए, जिससे मंदिर परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति सारथी द्वारा भजन गायिका मोनिका अग्रवाल का श्याम नाम का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद मोनिका अग्रवाल ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर बाबा श्याम को रिझाया। उनके भजनों पर श्रद्धालु झूमते, नृत्य करते और बाबा श्याम के जयकारे लगाते नजर आए।
बाबा के सिंधारे में भक्तों ने उत्साह से निभाई सहभागिता
महोत्सव के दौरान श्याम सखियों द्वारा बाबा श्याम के सिंधारे के लिए पहले से विशेष तैयारियां की गई थीं। कई डलियों में बाबा श्याम की पसंद की विभिन्न सामग्री सजाकर अर्पित की गई। इसमें मोर छड़ी, इत्र, मीठा पान, श्याम ध्वजा, पंच मेवा, खेल-खिलौने, चॉकलेट, कमल एवं गुलाब के फूल, बाबा की पोशाक, बांसुरी, मुकुट, पगड़ी, माला सहित अनेक सामग्री शामिल थी।
सिंधारा उत्सव के दौरान महिलाओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ नृत्य करते हुए बाबा श्याम के प्रति अपनी भक्ति अर्पित की। भक्ति और उल्लास से भरे इस आयोजन ने महिला श्याम सखी मंडल की सहभागिता को विशेष रूप से जीवंत बना दिया।
सावन के भजनों पर झूमे श्याम प्रेमी
झूला महोत्सव के अवसर पर सावन की फुहारों और बाबा श्याम की महिमा से जुड़े भजनों की विशेष प्रस्तुति दी गई। “सावन का महीना”, “रिमझिम बरसे पानी, आया है खाटू से चलकर शीश का दानी” जैसे भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। जैसे-जैसे भजनों का सिलसिला आगे बढ़ता गया, मंदिर का वातावरण पूरी तरह श्याममय और भक्तिमय होता गया।
रात्रि करीब 1 बजे तक भजनों का दौर चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्याम प्रेमियों ने भजनों पर नृत्य करते हुए बाबा श्याम की भक्ति में अपनी आस्था प्रकट की। मंदिर परिसर में लगातार “श्याम बाबा की जय” के जयकारे गूंजते रहे।
बाबा को लगाया गया छप्पन भोग
महोत्सव के दौरान बाबा श्याम को विधि-विधान से छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात आरती की गई और श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम से परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन में शामिल सभी भक्तों के लिए श्याम रसोई में प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था की गई थी, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
पहली बार आयोजन को लेकर दिखा विशेष उत्साह
श्याम प्रेमियों ने बताया कि अकलतरा के श्री श्याम मनोहर मंदिर में सिंधारा एवं झूला महोत्सव का यह पहला आयोजन था। यही कारण रहा कि इस आयोजन को लेकर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्याम भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों की उपस्थिति ने पूरे आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
आयोजन से जुड़े श्रद्धालुओं का कहना था कि इस तरह के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से लोगों का जुड़ाव प्रभु भक्ति, आस्था और संस्कारों के साथ मजबूत होता है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ-साथ लोगों को धर्म एवं अध्यात्म से जोड़ने का कार्य करते हैं।
आयोजकों ने जताया आभार
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए श्री श्याम संकीर्तन समिति, श्री महिला श्याम सखी मंडल एवं श्री श्याम युवा मंडल, अकलतरा के सदस्यों ने सभी श्याम प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि भक्तों के स्नेह, प्रेम, सहयोग और आशीर्वाद के कारण ही यह आयोजन सफल और यादगार बन सका।
आयोजकों ने बाबा श्याम से प्रार्थना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक एवं भक्तिमय आयोजन निरंतर होते रहें और अधिक से अधिक लोग बाबा श्याम की भक्ति से जुड़ें।
“हर घर कीर्तन, हर घर बाबा श्याम की ज्योत” के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी समिति
श्री श्याम संकीर्तन समिति, अकलतरा ने बताया कि समिति “हर घर कीर्तन, हर घर कीर्तन संकल्प” के उद्देश्य के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी। समिति का प्रयास रहेगा कि नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक घरों में बाबा श्याम की ज्योत प्रज्ज्वलित हो तथा कीर्तन के माध्यम से लोगों को बाबा श्याम की भक्ति से जोड़ा जाए। समिति ने आने वाले समय में भी श्याम भक्ति से जुड़े विभिन्न आयोजन करते रहने का संकल्प दोहराया।













