नाली के गंदे पानी के बीच बैठकर पार्षद ने किया धरना प्रदर्शन
वार्ड नंबर 11 में एक वर्ष से जलभराव की समस्या, नाली सफाई और सीसी रोड निर्माण की मांग; आंदोलन स्थल पर नहीं पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
अकलतरा – नगर के वार्ड नंबर 11 स्थित यादव गली मोहल्ले में नाली की साफ-सफाई नहीं होने तथा नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से नाराज वार्डवासियों ने अब नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका से बार-बार मांग किए जाने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं होने से आक्रोशित वार्ड नंबर 11 की पार्षद शेख सितारा टंडन एवं पार्षद पति मनोज टंडन ने रविवार की सुबह लगभग 8 बजे नाली के गंदे पानी के बीच सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन शुरू कर दिया।
धरना शुरू होने के कई घंटे बाद तक जिला प्रशासन एवं नगरीय प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी आंदोलन स्थल पर नहीं पहुंचा, जिससे वार्डवासियों में नाराजगी और बढ़ गई। आंदोलन के समर्थन में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी भी मौके पर पहुंचे और पार्षद के साथ गंदे पानी के बीच सड़क पर बैठकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
गंदे पानी के बीच बैठकर जताया विरोध –
वार्ड में लंबे समय से बनी नाली और जलभराव की समस्या को लेकर पार्षद शेख सितारा टंडन ने नगर पालिका प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखे ढंग से विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर जमा नाली के गंदे पानी के बीच बैठकर किए गए धरना प्रदर्शन ने नगर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
धरना प्रदर्शन को वार्डवासी बिहारी लाल ताम्रकार, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश्वर टंडन, संतोष सिंह बैस, पूर्व पार्षद रोहित सारथी सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों ने समर्थन दिया। वार्डवासियों ने भी गंदे पानी के बीच सड़क पर बैठकर नगर पालिका प्रशासन के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।
एक वर्ष से गंदे पानी की समस्या, कई बार दी गई जानकारी –
पार्षद शेख सितारा टंडन ने बताया कि वार्ड नंबर 11 के यादव गली मोहल्ले में पिछले लगभग एक वर्ष से नाली का गंदा पानी जमा होने की समस्या बनी हुई है। गंदा पानी सड़क पर फैलने के कारण मोहल्लेवासियों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश एवं नाली का पानी जमा होने से स्थिति और भी खराब हो जाती है।
उन्होंने बताया कि नाली की साफ-सफाई कराने तथा मोहल्ले में सीसी रोड का निर्माण कराने की मांग को लेकर नगर पालिका कार्यालय में कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित पहल नहीं की गई।
पार्षद ने स्पष्ट कहा कि जब तक नाली की साफ-सफाई नहीं कराई जाती और समस्या का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
15 वर्षों से स्थायी नाली निर्माण की मांग –
धरना स्थल पर मौजूद वार्डवासी बिहारी लाल ताम्रकार ने कहा कि यादव गली में पिछले लगभग 15 वर्षों से स्थायी रूप से नाली निर्माण की समस्या बनी हुई है। नाली की उचित व्यवस्था नहीं होने और नियमित साफ-सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी मोहल्ले में बहता रहता है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान कई नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षद बदल गए, लेकिन मोहल्ले की समस्या जस की तस बनी हुई है। वार्डवासियों को लगातार गंदे पानी और जलभराव के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि नाली के पानी की निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए तथा तत्काल सीसी रोड का निर्माण कराया जाए, ताकि मोहल्लेवासियों को राहत मिल सके।
सीसी रोड की निविदा प्रक्रिया पर भी उठे सवाल –
पार्षद पति मनोज टंडन ने कहा कि नाली की सफाई नहीं होने के कारण वार्डवासियों को प्रतिदिन गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। उन्होंने नगर पालिका पर वार्ड के विकास कार्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोहल्ले की गली में सीसी रोड निर्माण के लिए निविदा जारी की गई थी और निविदा की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब बिना स्पष्ट कारण के निविदा निरस्त किए जाने की बात कही जा रही है। उनका कहना है कि यदि निविदा निरस्त होती है तो सड़क निर्माण की प्रक्रिया दोबारा लंबित हो सकती है और मोहल्लेवासियों को समस्या से निजात मिलने में और अधिक समय लग सकता है।
उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि नाली की तत्काल सफाई कराई जाए तथा सीसी रोड निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए।
नगर में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस ने भी जताई नाराजगी –
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश्वर टंडन ने कहा कि नगर में विकास कार्यों की गति धीमी होने से आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि वार्ड नंबर 11 की निर्वाचित पार्षद को नाली की सफाई जैसी मूलभूत समस्या को लेकर नाली के गंदे पानी के बीच बैठकर आंदोलन करना पड़ रहा है।
उन्होंने राज्य शासन एवं जिला प्रशासन पर नगर के विकास कार्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर में विकास कार्य अवरुद्ध होने से आम लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं।
महेश्वर टंडन ने चेतावनी दी कि यदि नगर की मूलभूत समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी द्वारा चरणबद्ध तरीके से धरना प्रदर्शन एवं आंदोलन किया जाएगा।
आंदोलन स्थल पर अधिकारी नहीं पहुंचे, बढ़ा आक्रोश
धरना प्रदर्शन सुबह लगभग 8 बजे शुरू होने के बाद भी काफी समय तक जिला प्रशासन एवं नगरीय प्रशासन की ओर से किसी अधिकारी के आंदोलन स्थल पर नहीं पहुंचने से वार्डवासियों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि नाली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए उन्हें सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से तत्काल संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।
वार्डवासियों ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन को समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण कर तत्काल नाली की सफाई, गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था तथा सीसी रोड निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल वार्ड नंबर 11 में शुरू हुआ यह धरना प्रदर्शन नगर की सफाई व्यवस्था, नाली निर्माण और सड़क निर्माण को लेकर नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन वार्डवासियों की मांगों पर कब तक कार्रवाई करता है और वर्षों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान कब हो पाता है।













