अकलतरा में 90 वर्षों से निभाई जा रही अन्नकूट महोत्सव की परंपरा, श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ भव्य आयोजन गोवर्धन पूजा पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में भगवान को अर्पित किया गया 56 भोग
अकलतरा – दीपावली पर्व के अगले दिन गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर नगर के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में लगभग 90 वर्षों से निरंतर चली आ रही पारंपरिक अन्नकूट महोत्सव की गौरवशाली परंपरा इस वर्ष भी अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। वर्षों पुरानी इस धार्मिक परंपरा ने एक बार फिर नगर की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकजुटता और धार्मिक आस्था की जीवंत झलक प्रस्तुत की। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भगवान को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। विशेष रूप से मूंग, भात एवं कढ़ी का पारंपरिक प्रसाद श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में सुबह से ही धार्मिक उत्साह और चहल-पहल का वातावरण बना रहा। दोपहर 12 बजे विधि-विधान एवं वैदिक परंपराओं के अनुसार भगवान की पूजा-अर्चना की गई तथा विभिन्न प्रकार के पकवानों से सुसज्जित अन्नकूट का भोग समर्पित किया गया। भगवान के समक्ष छप्पन भोग अर्पित कर नगर एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की गई। पूजा-अर्चना के पश्चात नगरवासियों ने सामूहिक रूप से बैठकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। अनेक श्रद्धालु अपने परिवार के सदस्यों के लिए भी प्रसाद लेकर गए।
90 वर्षों से कायम है धार्मिक परंपरा, पीढ़ी दर पीढ़ी बढ़ रही श्रद्धा –
इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह रही कि अकलतरा नगर में अन्नकूट महोत्सव की यह परंपरा लगभग नौ दशकों से निरंतर निभाई जा रही है। समय बदलता रहा, पीढ़ियां बदलती रहीं, लेकिन भगवान श्रीलक्ष्मीनारायण के प्रति नगरवासियों की आस्था और इस आयोजन के प्रति समर्पण आज भी उसी श्रद्धा के साथ कायम है। बुजुर्गों द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आज नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ा रही है। लक्ष्मी नारायण मंदिर के प्रकाश शर्मा ने बताया कि अकलतरा के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में गोवर्धन पूजा के अवसर पर अन्नकूट महोत्सव बनाने की परंपरा लगभग 90 वर्षों से लगातार चली आ रही है प्रत्येक वर्ष नगर के लोग बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर भगवान की पूजा अर्चना करते हैं और सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण करते हैं यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि नगर की पुरानी परंपरा, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन चुका है l
युवाओं में दिखा विशेष उत्साह पुराने मित्रों और परिवारों का हुआ मिलन – अन्नकूट महोत्सव के दौरान इस वर्ष युवाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला नगर के विभिन्न परिवारों के सदस्य, पुराने मित्र एवं परिचित एक – दूसरे से मिले और धार्मिक आयोजन के माध्यम से आपसी मेल मिलाप एवं आत्मीयता का वातावरण बना, व्यस्त जीवन शैली के बीच इस प्रकार के पारंपरिक आयोजन लोगों को एक साथ जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं, इस आयोजन की विशेषता यह रही कि इसमें किसी एक परिवार या वर्ग तक सीमित न रहकर पूरे नगर की सहभागिता दिखाई दी सभी ने मिलकर भगवान का प्रसाद ग्रहण किया और एक दूसरे को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव की शुभकामनाएं दी, सामूहिक प्रसाद वितरण की यह परंपरा आपसी प्रेम, सहयोग, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश देती नजर आई। धार्मिक आस्था के साथ नगर की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है अन्नकूट महोत्सव – गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति, गोवंश, अन्न और कृषि संस्कृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर है, धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा का संदेश देकर प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण का महत्व बताया था इसी परंपरा के अंतर्गत अन्नकूट महोत्सव में भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों एवं अन्न का भोग अर्पित किया जाता है। अकलतरा के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित या महोत्सव नगर की धार्मिक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ आने वाली पीढियो को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपरा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में अयन जैन, गोपेश तुलस्यान, श्यामा चरण चौधरी अखिलेश केडिया, निशांत सिंह ,गोविंद ,घनश्याम रविंद्र शर्मा ,विकास शर्मा, श्रीकांत सहित नगर के युवा एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












