परिक्षेत्र स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता
महिला वर्ग एवं पुरुष वर्ग में चांपा ने मारी बाजी
अकलतरा – श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय बनाहिल में परिक्षेत्र स्तरीय टेबल टेनिस महिला एवं पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, प्रतियोगिता में परिक्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंची टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक एवं कड़े मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिता में पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. विश्वास विश्वकर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर डॉ विश्वास विश्वकर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और खेल भावना का विकास करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। साथ ही खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आपसी समन्वय और आत्मविश्वास जैसे गुणों का विकास होता है।
महिला वर्ग में चांपा ने हासिल किया विजेता का खिताब –
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में विभिन्न टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, तकनीक और आत्मविश्वास के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में शासकीय एमएमआर पीजी स्नातकोत्तर महाविद्यालय चांपा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
वहीं मेजबान श्री ऋषभ विद्योदय महाविद्यालय बनाहिल की टीम ने भी पूरे प्रतियोगिता के दौरान शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। मेजबान टीम के प्रदर्शन की उपस्थितजनों ने सराहना की।
पुरुष वर्ग में भी चांपा का दबदबा –
पुरुष वर्ग के मुकाबले भी काफी रोमांचक रहे। विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। निर्णायक मुकाबले में शासकीय एमएमआर स्नातकोत्तर महाविद्यालय चांपा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजेता का गौरव हासिल किया।
वहीं शासकीय डॉ. इंद्रजीत सिंह महाविद्यालय अकलतरा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया और उपविजेता रही।
खिलाड़ियों के प्रदर्शन की हुई सराहना – 
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, एकाग्रता और खेल भावना का परिचय दिया। लगातार रैलियों, तेज सर्विस और शानदार शॉट्स के कारण मुकाबले दर्शकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की गई।
आयोजकों ने कहा कि महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का मंच मिलता है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए इसे अपनी खेल प्रतिभा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।
