भागवत कथा के छठवें दिवस महारास लीला और रुक्मणी मंगल ने बांधा भक्ति का समां
महारास लीला, गोपी-उद्धव संवाद और रुक्मणी मंगल के प्रसंगों से भावविभोर हुए श्रद्धालु 
अकलतरा – कान्हा राइस मिल नया घर परिसर झलमला रोड नरियरा में जिंदल परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के छठवें दिवस कथा स्थल पर भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक भावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, व्यास पीठ पर विराजमान सुप्रसिद्ध कथावाचक अनुराग कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण एवं विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए महारास लीला, भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा गमन, गोपी-उद्धव संवाद तथा रुक्मणी मंगल के प्रसंगों को प्रस्तुत किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में भावविभोर नजर आए और कथा स्थल बार-बार जयकारों से गूंज उठा।
कथावाचक अनुराग कृष्ण शास्त्री ने महारास लीला का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला को सांसारिक दृष्टि से नहीं, बल्कि आध्यात्मिक दृष्टि से समझने की आवश्यकता है। यह लीला जीव और परमात्मा के बीच के निष्काम प्रेम और पूर्ण समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गोपियों का श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम किसी सांसारिक स्वार्थ से प्रेरित नहीं था, बल्कि वह परमात्मा के प्रति पूर्ण आत्मसमर्पण और अनन्य भक्ति का स्वरूप था। महारास में भगवान श्रीकृष्ण ने यह संदेश दिया कि जो भक्त अपने मन से अहंकार और सांसारिक आसक्ति को त्यागकर परमात्मा के प्रति पूर्ण समर्पण करता है, उसके जीवन में ईश्वर की अनुभूति संभव होती है।
महारास लीला के प्रसंग के दौरान कथा पंडाल में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के वर्णन के साथ श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। कथा स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष से वातावरण गूंजायमान हो उठा।
इसके पश्चात कथावाचक ने भगवान श्रीकृष्ण के मथुरा गमन का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि कंस के अत्याचारों से मथुरा की जनता को मुक्ति दिलाने तथा धर्म की स्थापना के लिए भगवान श्रीकृष्ण और बलराम मथुरा पहुंचे। श्रीकृष्ण के मथुरा प्रस्थान का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि ब्रजवासियों और विशेष रूप से गोपियों के लिए यह क्षण अत्यंत पीड़ादायक था। जिन श्रीकृष्ण के साथ ब्रज की गलियों, यमुना तट और गोवर्धन की छाया में उन्होंने अपने जीवन के अनमोल क्षण बिताए थे, उन्हीं के मथुरा चले जाने की कल्पना मात्र से गोपियों का हृदय व्याकुल हो उठा।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का मथुरा गमन केवल एक स्थान परिवर्तन नहीं था, बल्कि यह उनकी लीला के अगले चरण की शुरुआत थी। ब्रज में प्रेम और भक्ति की लीला पूर्ण करने के बाद भगवान ने मथुरा पहुंचकर अत्याचार के प्रतीक कंस का अंत किया और धर्म की स्थापना की।
गोपी-उद्धव संवाद ने किया भावविभोर –
कथा के दौरान गोपी-उद्धव संवाद का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। अनुराग कृष्ण शास्त्री ने बताया कि जब भगवान श्रीकृष्ण मथुरा में रहने लगे, तब उन्होंने अपने प्रिय सखा उद्धव को ब्रज भेजा। उद्धव भगवान श्रीकृष्ण का संदेश लेकर गोपियों के पास पहुंचे और उन्हें ज्ञान एवं योग का संदेश देने का प्रयास किया।
लेकिन गोपियों की कृष्ण के प्रति अनन्य भक्ति और प्रेम देखकर उद्धव स्वयं अभिभूत हो गए। गोपियों ने अपने हृदय की व्यथा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए श्रीकृष्ण से अलग होकर जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। कथा में इस प्रसंग को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करते हुए शास्त्री ने बताया कि गोपियों का प्रेम इतना गहरा था कि उनके लिए कृष्ण केवल आराध्य नहीं, बल्कि उनके जीवन का आधार बन चुके थे।
उन्होंने कहा कि ज्ञान का अपना महत्व है, लेकिन जब ज्ञान के साथ भक्ति और प्रेम जुड़ जाते हैं, तब साधना पूर्णता की ओर अग्रसर होती है। गोपियों की भक्ति यह संदेश देती है कि परमात्मा के प्रति निष्काम प्रेम और पूर्ण समर्पण ही भक्ति की सर्वोच्च अवस्था है।
रुक्मणी मंगल प्रसंग पर गूंजे जयकारे –
कथा के अंतिम चरण में रुक्मणी मंगल का अत्यंत सुंदर एवं भावपूर्ण प्रसंग प्रस्तुत किया गया। भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी के विवाह प्रसंग का वर्णन करते हुए कथावाचक ने बताया कि रुक्मणी भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य मानती थीं और मन ही मन उन्हें अपना पति स्वीकार कर चुकी थीं। जब रुक्मणी का विवाह किसी अन्य से कराने की तैयारी होने लगी, तब उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को संदेश भेजकर अपनी मनोकामना व्यक्त की।
रुक्मणी की पुकार सुनकर भगवान श्रीकृष्ण उन्हें लेने पहुंचे और उनका हरण कर विवाह किया। इस प्रसंग के माध्यम से शास्त्री ने कहा कि जब भक्त सच्चे मन से परमात्मा को पुकारता है और उसके प्रति अटूट विश्वास रखता है, तो भगवान अपने भक्त की पुकार अवश्य सुनते हैं।
रुक्मणी मंगल के प्रसंग के दौरान कथा स्थल पर विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी के जयकारे लगाए। पूरा कथा पंडाल भक्तिरस में डूब गया और वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो उठा।
कथावाचक ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल कथा सुनने का ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला दिव्य ग्रंथ है। भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला मनुष्य को प्रेम, त्याग, समर्पण, धर्म, कर्तव्य और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि कथा के माध्यम से प्राप्त आध्यात्मिक संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा परिवार और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं संस्कारों को बढ़ावा दें।
छठवें दिवस की कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण किया। कथा स्थल पर देर तक “राधे-राधे”, “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष गूंजते रहे। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर स्वयं को धन्य महसूस किया और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आए, आयोजन समिति के ताराचंद्र अग्रवाल एवं कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि 19 सितंबर को सुदामा चरित्र, श्री शुकदेव विदाई की कथा आयोजित होने के साथ व्यास पूजन एवं हवन एवं पूर्ण आहुति के साथ श्रीमद् भागवत कथा का समापन होगा।
