ऑनलाइन राशन कार्ड व्यवस्था से ग्रामीण परेशान, जनपद सदस्यों ने सीईओ को सौंपा ज्ञापन
*सेवा सेतु ऐप की व्यवस्था पर नहीं, केवल सीएससी सेंटरों पर निर्भरता और मनमानी शुल्क वसूली पर उठाए सवाल*
अकलतरा – राज्य शासन द्वारा राशन कार्ड से संबंधित सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से सेवा सेतु ऐप के माध्यम से नवीन राशन कार्ड बनवाने, नाम जोड़ने, नाम विलोपन सहित अन्य सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है। शासन की इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को घर बैठे सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में यह व्यवस्था लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है,
ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश लोग स्वयं ऑनलाइन आवेदन करने में सक्षम नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें मजबूरी में सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) का सहारा लेना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि कई स्थानों पर आवेदकों से निर्धारित शुल्क से अधिक मनमानी राशि वसूली जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, समस्या को लेकर अकलतरा जनपद पंचायत क्षेत्र के जनपद सभापति ईश्वर साहू एवं अन्य जनपद सदस्यों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन में कहा गया कि ऑनलाइन व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता और सुविधा है, जिसका वे स्वागत करते हैं, लेकिन इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी केवल सीएससी सेंटरों पर छोड़ देना ग्रामीण जनता के हित में नहीं है।
जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि जनपद पंचायत को भी सेवा सेतु ऐप की अधिकृत आईडी एवं आवश्यक अधिकार प्रदान किए जाएं, ताकि राशन कार्ड से संबंधित सभी ऑनलाइन कार्य जनपद पंचायत कार्यालय के माध्यम से भी किए जा सकें। इससे आम नागरिकों को निजी केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, अनावश्यक शुल्क से राहत मिलेगी और शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी आर्थिक शोषण के पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सकेगा।
जनपद सभापति ईश्वर साहू एवं उपस्थित जनपद सदस्यों ने प्रशासन से मांग की कि इस विषय में शीघ्र आवश्यक निर्णय लेते हुए जनपद पंचायतों को ऑनलाइन सेवाओं के संचालन का अधिकार दिया जाए, ताकि ग्रामीण जनता को सरल, सुलभ, पारदर्शी एवं निशुल्क अथवा निर्धारित शुल्क पर सेवाएं उपलब्ध
हो सकें
