एक राखी साइबर जागृति की अभियान में 1000 छात्र-छात्राओं ने लिया साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ का संकल्प
अकलतरा – अकलतरा एजुकेशन ट्रस्ट द्वारा संचालित राजेन्द्र कुमार सिंह उच्चतर माध्यमिक शाला में गुरुवार को “एक राखी साइबर जागृति की” अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के एक हजार छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए एक-दूसरे की कलाई पर रिस्ट बैंड बांधा और “साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध एवं अन्य साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना रहा। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि साइबर सुरक्षा केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता का विषय है।
इस अवसर पर अकलतरा एजुकेशन ट्रस्ट के उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल एवं इंटरनेट का उपयोग जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है, ऐसे में साइबर अपराधों से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान एप डाउनलोड करने से भी बचना चाहिए, अकलतरा एजुकेशन ट्रस्ट के सचिव ईश्वर खंडेलिया ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और अपने माता-पिता, परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे मजबूत माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को रिस्ट बैंड बांधकर साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने साइबर अपराधों से बचने, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा समाज को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शाला के प्राचार्य आर.के. विश्वकर्मा, नेशनल स्कूल एडमिन करण सिंह, धीरेंद्र कुमार सिंह, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक रवि वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति सारथी, पार्षद मुरलीधर मिश्रा, पिंटू बरेठ, सुरेश मिरचन्य, पुरुषोत्तम नामदेव, विजय खांडेल सहित थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यालय में आयोजित यह अभियान विद्यार्थियों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ ही समाज में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। रिस्ट बैंड के माध्यम से बांधी गई यह जागरूकता की कड़ी अब परिवार और समाज तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ी।













