11 वर्षों से खुशियां बांट रहा आजाद ग्रुप, दीपावली पर बच्चों को पटाखे एवं मिठाई वितरित कर मनाया खुशियों का त्योहार
सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की मिसाल बना आजाद ग्रुप का आयोजन, उपहार पाकर खिल उठे 50 से अधिक बच्चों के चेहरे
अकलतरा – दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और आतिशबाजी करने का त्योहार नहीं, बल्कि खुशियां बांटने, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में उल्लास का प्रकाश फैलाने का भी पर्व है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए आजाद ग्रुप द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी दीपावली के पावन अवसर पर बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें पटाखे एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार मनाकर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
इस अवसर पर 50 से अधिक बच्चों को पटाखे एवं मिठाइयां वितरित की गईं। दीपावली के अवसर पर उपहार स्वरूप पटाखे एवं मिठाइयां पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। आजाद ग्रुप के सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उनके बीच दीपावली की खुशियां साझा कीं और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि आजाद ग्रुप द्वारा विगत 11 वर्षों से लगातार दीपावली के अवसर पर इस तरह का आयोजन किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य उन बच्चों के बीच भी दीपावली की खुशियां पहुंचाना है, जिन्हें त्योहार के अवसर पर विशेष उपहार और खुशियां मिलने का अवसर कम मिल पाता है। संस्था के सदस्य प्रतिवर्ष इस आयोजन के माध्यम से बच्चों के साथ दीपावली मनाकर सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना का परिचय देते आ रहे हैं।
आजाद ग्रुप के अंकित सिंह सिसोदिया, अभिषेक सिंह एवं राजकुमार सिंह ने बताया कि संस्था द्वारा पिछले 11 वर्षों से निरंतर दीपावली के पावन अवसर पर बच्चों को पटाखे एवं मिठाइयों का वितरण किया जाता है। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों के साथ त्योहार मनाकर उनके जीवन में खुशियां बांटने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि दीपावली की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब हम अपनी खुशियों में दूसरों को भी सहभागी बनाएं और जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान ला सकें। संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने ,सके लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अभिजीत सोनवानी, पृथ्वीराज चौहान, अमित यादव, मयंक अग्रवाल, हर्ष धीवर, यश राज सिंह, प्रणत सिंह सहित आजाद ग्रुप के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
11 वर्षों की निरंतर परंपरा के साथ आजाद ग्रुप का यह आयोजन सामाजिक एकजुटता, सेवा और संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण है। बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली रोशनी दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने से ही आती है।












