जैन मंदिर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया भगवान महावीर का मोक्ष कल्याणक एवं निर्वाण महोत्सव
निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 प्रसाद सागर महाराज एवं मुनि श्री 108 शीतल सागर महाराज के मंगल सानिध्य में हुए धार्मिक आयोजन, भगवान महावीर की प्रतिमा पर हुई शांतिधारा, निर्वाण लाडू अर्पित कर मनाया वीर निर्वाण उत्सव
अकलतरा – जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान श्री 1008 महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक एवं निर्वाण महोत्सव के पावन अवसर पर अकलतरा जैन समाज द्वारा जैन मंदिर में श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 प्रसाद सागर महाराज एवं मुनि श्री 108 शीतल सागर महाराज के मंगल सानिध्य में आयोजित इस पावन कार्यक्रम में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान महावीर की आराधना की तथा निर्वाण महोत्सव को धर्म और भक्ति के वातावरण में मनाया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जैन मंदिर की ऊपर की वेदी एवं नीचे की वेदी में विराजमान श्री 1008 भगवान महावीर की प्रतिमा का अभिषेक एवं शांतिधारा का धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। ऊपर की वेदी में भगवान महावीर की प्रतिमा पर शांतिधारा करने का परम सौभाग्य विजय जैन, वरुण जैन एवं आयुष जैन, स्वाति क्लॉथ स्टोर परिवार तथा धनेंद्र जैन एवं अविनाश जैन, ऑयल मिल परिवार अकलतरा को प्राप्त हुआ।
इसी क्रम में नीचे की वेदी में विराजमान श्री 1008 भगवान महावीर की प्रतिमा पर शांतिधारा करने का सौभाग्य रवि जैन, सुषमा जैन, सारांश जैन, प्रियांशी जैन एवं आयुषी जैन, आरके फोटो स्टूडियो परिवार, रमेश कुमार जैन, राकेश कुमार जैन, निखिल जैन एवं निवि जैन परिवार तथा वीरेंद्र जैन, सत्येंद्र जैन, वैभव जैन एवं दर्शील जैन, चौधरी परिवार को प्राप्त हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर की आराधना करते हुए विश्व में सुख, शांति, समृद्धि एवं अहिंसा की भावना स्थापित होने की मंगल कामना की।
निर्वाण लाडू अर्पित कर मनाया मोक्ष कल्याणक –
भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक के पावन अवसर पर निर्वाण लाडू अर्पित करने का धार्मिक सौभाग्य प्रफुल्ल जैन, प्रवीण जैन, प्रखर जैन एवं वर्षा जैन परिवार, पायल जनरल स्टोर्स परिवार को प्राप्त हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ निर्वाण लाडू अर्पित कर भगवान महावीर के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण प्रकट किया। मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।
चातुर्मास कलश का हुआ निष्ठापन, पुण्याजक परिवारों को प्रदान किए गए मंगल कलश
धार्मिक आयोजन के दौरान चातुर्मास कलश का निष्ठापन भी संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंगल कलश की स्थापना करने वाले पुण्याजक परिवारों को मंगल कलश प्रदान किए गए। इस धार्मिक परंपरा के माध्यम से चातुर्मास के दौरान संपन्न हुए धार्मिक आयोजनों एवं पुण्य कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
भगवान महावीर के जीवन एवं सिद्धांतों से प्रेरणा लेने का दिया संदेश – 
धर्मसभा को संबोधित करते हुए निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 प्रसाद सागर महाराज ने भगवान महावीर के जीवन चरित्र एवं उनके महान आध्यात्मिक संदेशों पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने भगवान महावीर के जीवन से शिक्षा लेते हुए अहिंसा, सत्य, संयम, त्याग एवं करुणा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
उन्होंने भगवान महावीर के सिद्धांतों की महत्ता बताते हुए कहा कि उनके द्वारा दिया गया अहिंसा और जियो और जीने दो का संदेश केवल जैन समाज के लिए ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के लिए कल्याणकारी है। भगवान महावीर की शिक्षाएं हमें सभी जीवों के प्रति दया, प्रेम एवं मैत्री का भाव रखने तथा अपने जीवन में संयम और आत्मशुद्धि को महत्व देने की प्रेरणा देती हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।
दीपावली पर घर-घर हुई भगवान महावीर की पूजा-अर्चना –
उल्लेखनीय है कि जैन धर्म में दीपावली का पर्व भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक एवं मोक्ष प्राप्ति की स्मृति में विशेष धार्मिक महत्व रखता है। जैन मान्यता के अनुसार भगवान महावीर ने दीपावली के पावन अवसर पर पावापुरी में निर्वाण प्राप्त किया था। इसी पावन स्मृति में जैन समाज द्वारा दीपावली को वीर निर्वाण पर्व के रूप में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर अकलतरा के जैन समाज के लोगों ने अपने-अपने घरों में भगवान महावीर की पूजा-अर्चना कर आराधना की तथा उनके बताए अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह एवं संयम के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक एवं निर्वाण महोत्सव के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में जैन समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।












