अकलतरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी ‘मन की बात’, सौरभ सिंह बोले—जनभागीदारी और सकारात्मक संवाद को मिल रही नई दिशा
वार्ड क्रमांक 19 अंधियारीपाठ सामुदायिक भवन में हुआ आयोजन, प्रधानमंत्री मोदी के 138वें एपिसोड में सर्जिकल स्ट्राइक की दसवीं वर्षगांठ, नशामुक्ति, आत्मनिर्भरता, पोषण, स्वच्छता और जनगणना सहित विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा
अकलतरा – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड का प्रसारण रविवार को नगर के वार्ड क्रमांक 19 अंधियारीपाठ स्थित सामुदायिक भवन में भाजपा नगर मंडल एवं वार्ड क्रमांक 19 के पार्षद देवनारायण बरेठ के नेतृत्व में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं झारखंड के नवनियुक्त सहप्रभारी सौरभ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सामूहिक रूप से सुना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2026 को प्रसारित 138वें एपिसोड में देश के समसामयिक विषयों के साथ विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। आधिकारिक प्रसारण के अनुसार उन्होंने विशेष रूप से 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक की दसवीं वर्षगांठ, आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, जनगणना, नशामुक्ति, युवाओं की रचनात्मकता, ‘वोकल फॉर लोकल’, आत्मनिर्भरता, पोषण, स्वच्छता तथा देश की सांस्कृतिक विरासत जैसे विषयों का उल्लेख किया।
सर्जिकल स्ट्राइक की दसवीं वर्षगांठ का किया उल्लेख –
‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक के उल्लेख से की। प्रधानमंत्री ने बताया कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा के पार आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस घटना के दस वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने इसे भारत की आतंकवाद विरोधी नीति के संदर्भ में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति, देश की सुरक्षा तथा जवानों के साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में बालाकोट एयरस्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने आतंकवाद के प्रति अपनी नीति को स्पष्ट रूप से सामने रखा है।
नशामुक्ति और युवा शक्ति पर भी दिया जोर –
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बात रखी। युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया गया। ‘मन की बात’ में सामाजिक भागीदारी के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने वाले प्रयासों को भी सामने रखा गया।
प्रधानमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के गांवों और छोटे शहरों की विशिष्ट पहचान वाले उत्पादों को स्थानीय बाजार से आगे देश और दुनिया के बाजार तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास आवश्यक हैं ।
पोषण अभियान में छत्तीसगढ़ के ‘मूंगा’ अभियान का उल्लेख –
138वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने सितंबर माह में चलाए जा रहे पोषण संबंधी जन-जागरूकता प्रयासों का भी उल्लेख किया। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मूंगा-घर घर मूंगा’ अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने भोजन में पौष्टिक मूंगा यानी सहजन को शामिल करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किए जाने की बात कही,
इसके अलावा खेल, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत, सोमनाथ मंदिर और मोढेरा सूर्य मंदिर सहित विभिन्न विषयों पर प्रधानमंत्री ने अपने विचार साझा किए। जनगणना में नागरिकों की भागीदारी और ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा का भी उल्लेख किया गया।
सौरभ सिंह ने कहा—‘मन की बात’ से लोगों में बढ़ रही सकारात्मक रुचि –
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं झारखंड के नवनियुक्त सह प्रभारी सौरभ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 3 अक्टूबर 2014 को ‘मन की बात’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी और आज इसके 138वें एपिसोड का प्रसारण हुआ है। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय से लगातार प्रसारित हो रहा यह कार्यक्रम देश के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों और नागरिकों की उपलब्धियों को व्यापक मंच प्रदान करता है।
सौरभ सिंह ने कहा कि ‘मन की बात’ सुनने से लोगों में देश के विभिन्न विषयों के प्रति रुचि जागृत होती है और समाज के अलग-अलग वर्गों को सकारात्मक कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की उपलब्धियां वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बनी हैं और देश विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से आह्वान किया कि वे समाज में सकारात्मक सोच, जनभागीदारी, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नशामुक्ति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे अभियानों में अपनी भूमिका निभाएं।
भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता – 
अंधियारीपाठ सामुदायिक भवन में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री नंद चौधरी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश्वर पाटले, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गोपेश तुलस्यान, महामंत्री गोवर्धन साहू, पार्षद पिंटू बरेठ, दिनेश दास, आशीष प्रसाद, चंदन शर्मा, अश्वनी साहू, शैलेंद्र जायसवाल सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वार्डवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और ‘मन की बात’ में उठाए गए विभिन्न सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर चर्चा भी की। आयोजन ने स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों को एक साथ बैठकर देश से जुड़े मुद्दों को सुनने एवं समझने का अवसर प्रदान किया।
अकलतरा में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय विषयों को स्थानीय स्तर पर नागरिकों तक पहुंचाने और सामूहिक सहभागिता का वातावरण तैयार करने की दिशा में आयोजित एक कार्यक्रम के रूप में सामने आया।













