अनुशासन ही खेल का मुख्य मंत्र : विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह
जिला स्तरीय कराटे बेल्ट ग्रेडिंग स्पर्धा एवं सेमिनार में छोटे उस्तादों ने दिखाया दमखम
अकलतरा – नगर के मिनीमाता मंगल भवन में जिला स्तरीय कराटे बेल्ट ग्रेडिंग स्पर्धा एवं सेमिनार का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे 100 से अधिक बालक-बालिकाओं ने कराटे की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, अनुशासन और दमखम का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण बेहद आवश्यक है, विशेषकर बालिकाओं के लिए कराटे जैसे मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास करने का माध्यम नहीं है, बल्कि खेलों के माध्यम से जीवन में अनुशासन, कठिन परिश्रम, धैर्य, आत्मविश्वास और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास और मेहनत जरूरी है। खेल हमें हार से सीखने और जीत के बाद भी विनम्र बने रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से समाज और जरूरतमंद लोगों की सहायता को जीवन का ध्येय बनाने का आह्वान किया। जिला कराटे संघ द्वारा खेल सामग्री उपलब्ध कराने एवं कराटे क्लब की स्थापना की मांग पर विधायक ने हरसंभव सहयोग करने की घोषणा की।
कार्यक्रम को नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह राणा, संतोष गुप्ता, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अंकित सिंह सिसोदिया, राजेश भारद्वाज एवं अविनाश साहू ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कराटे खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों एवं युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें अनुशासित और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
100 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
जिला स्तरीय बेल्ट ग्रेडिंग में 100 से अधिक बालक-बालिकाओं ने विभिन्न बेल्ट रैंक के लिए अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। ग्रेडिंग के उपरांत 50 खिलाड़ियों को यलो बेल्ट, 20 खिलाड़ियों को ऑरेंज बेल्ट, 10 खिलाड़ियों को ग्रीन बेल्ट तथा 10 खिलाड़ियों को ब्लू बेल्ट प्रदान किया गया। वहीं श्रेष्ठ द्विवेदी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्राउन बेल्ट हासिल किया।
ब्लैक बेल्ट की ग्रेडिंग में अफसा राठौर, स्वाति गढ़ेवाल एवं अनिकेत साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्लैक बेल्ट अर्जित किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। बेल्ट प्राप्त करने के बाद खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी और उपलब्धि का भाव साफ नजर आया।
सम्मान और पुरस्कार से बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
आयोजन के दौरान सभी अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं ग्रेडिंग में सफल सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं संबंधित बेल्ट प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। आयोजकों ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धि को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके मनोबल को बढ़ाना और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में तहसीलदार शशिभूषण सोनी, यातायात निरीक्षक सुभाष चौबे, दीपेंद्र लहरे, जिला कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी सदस्य रामफल कश्यप, रवि कश्यप सहित कराटे संघ के कोच रूखमणी रानू, मोतीलाल रात्रे, वैभवी सिंह सिसोदिया, संगीता रात्रे, स्वाति गढ़ेवाल, अफसा राठौर, मनोज सोनी सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ग्रेडिंग निरीक्षक एनआईएस कोच आशीष बाघ, बालाघाट मध्यप्रदेश ने खिलाड़ियों की प्रतिभा एवं तकनीकी दक्षता का परीक्षण किया। अघोर विद्या पीठ पोड़ी दल्हा से जितेंद्र टंडन, यशवंत सिंह चंदेल, अरुण मरकाम, श्रीमती हीरामणि गंधर्व, श्रीमती पूर्णिमा गंधर्व, दादू सिंह राज, जगदीश पटेल, रथराम यादव, कलेश्वर कुमार, भूमिका बघेल, प्रेमी रात्रे, किशन साहू, पुष्पेन्द्र सिंह, राकेश टंडन, श्रीमती जानकी सोनी, श्रीमती दिव्या सोनी, आशीष सोनी, मनोज सोनी, डोलेंद्र निराला, प्रियंका निराला, श्रीमती रमला साहू, श्रीमती नंदनी आदिले, जगजीत आदिले, श्रीमती भगवती खांडेल, श्रीमती लक्ष्मी गोस्वामी, श्रीमती रेखा गोस्वामी, श्रीमती तुलसी साहू, अर्जुन साहू, श्रीमती बीना कश्यप, फिरोज कश्यप, सुदामा प्रसाद खांडेल, श्रीमती भाग्य एक्का एवं श्रीमती रजनी सोनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कराटे संघ के प्रमुख वरुण पाण्डेय ने किया। आयोजन ने बच्चों और युवाओं को आत्मरक्षा एवं खेल प्रशिक्षण के प्रति प्रेरित करने के साथ यह संदेश भी दिया कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।













