रक्षाबंधन पर शास्त्री चौक में लगा घंटों जाम, यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
अकलतरा – रक्षाबंधन पर्व को लेकर नगर के बाजारों में खरीदारी करने उमड़ी भीड़ के बीच अकलतरा नगर के हृदय स्थल शास्त्री चौक में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई, त्योहार के चलते वाहनों और राहगीरों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी होने के बावजूद चौक एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। परिणामस्वरूप शास्त्री चौक में बार-बार जाम की स्थिति निर्मित होती रही और लोग घंटों तक जाम में फंसे रहने को मजबूर हुए।
रक्षाबंधन के अवसर पर नगर के बाजारों में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग राखी, मिठाई, कपड़े एवं अन्य आवश्यक सामानों की खरीदारी के लिए पहुंच रहे थे। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग अकलतरा पहुंचे। इसके कारण मुख्य बाजार और शास्त्री चौक में वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की अपेक्षा कई गुना बढ़ गया। लेकिन बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा कोई विशेष यातायात व्यवस्था नजर नहीं आई।
शास्त्री चौक पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस जवानों की पर्याप्त तैनाती नहीं होने से वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार वाहन निकालते रहे। कई स्थानों पर वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से सड़क का बड़ा हिस्सा घिर गया और देखते ही देखते जाम की स्थिति निर्मित हो गई। जाम में दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ पैदल राहगीर भी फंस गए। त्योहार के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम का सीधा असर व्यापार पर –
त्योहारी सीजन में जहां व्यापारियों को बेहतर कारोबार की उम्मीद थी, वहीं लगातार लग रहे जाम ने बाजार की व्यवस्था को प्रभावित किया। जाम के कारण कई लोग दुकानों तक पहुंचने में परेशान होते रहे। वहीं बाजार क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही बाधित होने से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को असुविधा हुई। लोगों का कहना है कि त्योहार के दिनों में यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से तैयारी की जानी चाहिए थी, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी न हो।
त्योहारों पर विशेष यातायात व्यवस्था की मांग –
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि रक्षाबंधन सहित अन्य प्रमुख त्योहारों के दौरान शास्त्री चौक, मुख्य बाजार और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाए। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस जवानों की तैनाती, बेतरतीब पार्किंग पर नियंत्रण तथा आवश्यकता के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू किए जाने से यातायात को काफी हद तक व्यवस्थित किया जा सकता है।
लोगों का कहना है कि अकलतरा जैसे प्रमुख व्यापारिक नगर में त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं संबंधित विभागों को पहले से कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले प्रमुख त्योहारों में भी इसी तरह जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।
नगरवासियों ने पुलिस एवं प्रशासन से शास्त्री चौक सहित मुख्य बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा त्योहारों के दौरान विशेष पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बाजार आने वाले लोगों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सके और नगर का व्यवसाय भी प्रभावित न हो।













