नवीन पंचायत भवन में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, सरपंच रेखा सोनी ने किया ध्वजारोहण
अकलतरा – ग्राम पंचायत कोटमी सोनार के नवीन पंचायत भवन में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच रेखा सोनी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर नशामुक्ति जागरूकता को लेकर उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।
समारोह के दौरान पंचायत के पंच अब्दुल सफी खान एवं गणेश राम साहू ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। उनके गीतों से समारोह का माहौल भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो गया। उपस्थित ग्रामीणों ने दोनों के गीतों की सराहना की।
इस अवसर पर सरपंच रेखा सोनी ने समस्त ग्रामवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सद्भावना के साथ गांव एवं देश के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपसरपंच बालूराम मनहर, पंच रितेश पटेल, पंच कार्तिक राम गोंड, पंच प्रीति गंगा प्रसाद मल्होत्रा, शेखर पटेल, विशाल बंजारे, रामू निर्मलकर, विनोद कैवर्त्य, श्रीराम मल्होत्रा, सफी खान, गणेश राम साहू, रामशंकर सोनी, किशनू पाण्डेय, प्रेमचंद कुर्रे, पुरुषोत्तम माथुर, पंच राम कैवर्त्य, कँवल सिंह चंदेल, मनहरण यादव, जागेश्वर कुम्भकार, लक्ष्मीलाल पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अभिमन्यु सिंह बंजारे, रोजगार सहायक ने किया। कार्यक्रम के अंत में सचिव शशिप कुमार बंजारे ने उपस्थित सभी पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, सामाजिक एकता एवं नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।













