प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 100 से अधिक विद्यार्थियों को विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने पुस्तकें एवं पाठ्य सामग्री वितरित की 
अकलतरा – शिक्षक भर्ती परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह द्वारा सराहनीय पहल की गई। विधायक ने अपने कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें एवं पाठ्य सामग्री वितरित की,
इस अवसर पर विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के अनेक युवा शिक्षक भर्ती परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, आर्थिक अथवा अन्य कारणों से कई विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए आवश्यक पुस्तकों एवं पाठ्य सामग्री की उपलब्धता में कठिनाई होती है। ऐसे विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत करने के उद्देश्य से पुस्तक एवं अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। उपलब्ध कराई गई पुस्तकों एवं पाठ्य सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी में अतिरिक्त सहायता मिलेगी तथा वे बेहतर ढंग से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत एवं लगन के साथ तैयारी करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
पुस्तक एवं पाठ्य सामग्री प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उपयोगी अध्ययन सामग्री मिलने से उन्हें काफी सुविधा होगी। विशेष रूप से शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह सामग्री अध्ययन को व्यवस्थित करने और परीक्षा की तैयारी को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक साबित होगी।
विद्यार्थियों ने विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की पहल युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए विद्यार्थियों ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
विधायक द्वारा की गई इस पहल को क्षेत्र के युवाओं के शैक्षणिक एवं रोजगारपरक भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से जहां उनकी तैयारी को मजबूती मिलेगी, वहीं आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए भी यह पहल काफी उपयोगी साबित होगी।













