पारसनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्री शेड का लोकार्पण
प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा स्वीकृत मद से निर्मित शेड का सौरभ सिंह ने किया लोकार्पण, विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
अकलतरा – क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र पारसनाथ धाम, परसाही नाला में सावन मास के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात मिली, प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा स्वीकृत मद से निर्मित यात्री शेड का लोकार्पण छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में किया गया, यात्री शेड के निर्माण से धाम में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को धूप, बारिश सहित मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से राहत मिलेगी।
सावन मास के पावन अवसर पर आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, स्थानीय ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। धार्मिक आस्था से जुड़े इस स्थल पर सुविधा विस्तार के लिए निर्मित यात्री शेड को श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी और आवश्यक सुविधा के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह ने विधिवत यात्री शेड का लोकार्पण किया, इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पारसनाथ धाम क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्री शेड का निर्माण किया गया है। शेड के निर्माण से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा प्राप्त होगी तथा धार्मिक आयोजनों एवं दर्शन के दौरान उन्हें बैठने और विश्राम करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
सौरभ सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार प्रदेश के विकास के साथ-साथ ग्रामीण एवं धार्मिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को भी प्राथमिकता दे रही है। सरकार द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगातार राशि स्वीकृत की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में आवश्यक अधोसंरचनाओं का निर्माण संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसी उद्देश्य के साथ सरकार कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि पारसनाथ धाम जैसे धार्मिक एवं आस्था के केंद्रों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देता है, बल्कि स्थानीय स्तर पर भी विकास की नई संभावनाएं पैदा करता है। आने वाले समय में क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने भी यात्री शेड के निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सावन मास में पारसनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे में यात्री शेड का निर्माण श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा। बारिश एवं तेज धूप के दौरान श्रद्धालुओं को अब सुरक्षित स्थान पर रुकने और विश्राम करने की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान धार्मिक स्थल के विकास एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
लोकार्पण कार्यक्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की उपाध्यक्ष रजनी साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शमीर शुक्ला, भाजपा जिला महामंत्री नंदकुमार चौधरी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश्वर पाटले, जिला पंचायत सदस्य महादेव नेताम, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गोपेश तुलस्यान, महामंत्री गोवर्धन साहू, सुमित सिंह चंदेल, सरपंच देवमती नेताम, उपसरपंच मालती बाई जगत, दिनेश दास महंत, पुरुषोत्तम नामदेव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।













