भव्य कलश यात्रा के साथ श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ,सावन सोमवार पर गूंजा हर-हर महादेव
अकलतरा – सावन मास के पावन सोमवार के अवसर पर नगर के श्री श्याम मनोहर मंदिर में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ धार्मिक आस्था और भक्ति के वातावरण में हुआ, कथा के शुभारंभ से पूर्व मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, कलश यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भगवान शिव के जयकारों और भजनों से गूंज उठा, 
कलश यात्रा में श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ यात्रा में सहभागिता की, यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया, श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं परिवारों की खुशहाली की कामना की।
सावन सोमवार पर हुआ रुद्राभिषेक –
श्री शिव महापुराण कथा के शुभारंभ के साथ ही सावन मास के पावन सोमवार पर श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव के शिवलिंग का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ हुए रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने भगवान शिव को जल, दूध एवं विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
श्रीधाम वृंदावन से आए पंडित माधवानंद महाराज ने बताया शिव महापुराण का महत्व –
श्री धाम वृंदावन से पधारे पंडित माधवानंद महाराज के श्रीमुख से श्री शिव महापुराण कथा का वाचन प्रारंभ हुआ, कथा के प्रथम दिवस महाराज ने श्रद्धालुओं को श्री शिव महापुराण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने भगवान शिव की महिमा, शिव भक्ति और शिव महापुराण के आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि शिव महापुराण केवल धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि मानव जीवन को धर्म, सत्य, सदाचार और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला महान ग्रंथ है।
कथा के दौरान महाराज के मधुर एवं भावपूर्ण प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और सभी ने पूरे भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण किया।
कथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह –
श्री श्याम मनोहर मंदिर में आयोजित यह धार्मिक आयोजन आगामी दिनों में भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कथा स्थल पर भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना हुआ है।
शिव महापुराण कथा के शुभारंभ ने नगर में धार्मिक उत्साह का वातावरण निर्मित कर दिया है। सावन मास में भगवान शिव की आराधना और श्री शिव महापुराण के श्रवण को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव के जयघोष के साथ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम दिखाई दिया।













