छह घंटे तक अधिकारियों का इंतजार, फिर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम
नाली के गंदे पानी के बीच 7 घंटे 30 मिनट तक बैठे रहे वार्डवासी, एसडीएम के लिखित आश्वासन पर समाप्त हुआ आंदोलन
अकलतरा – नगर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित यादव मोहल्ला की बदहाल नालियों, गंदे पानी के जमाव और सीसी रोड निर्माण की मांग को लेकर वार्डवासियों का आक्रोश आखिरकार सड़क पर दिखाई दिया, नगर पालिका परिषद को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं होने से नाराज वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद शेख सितारा टंडन, पार्षद पति मनोज टंडन, समाजसेवी बिहारी लाल ताम्रकार सहित वार्डवासियों ने रविवार सुबह करीब 8 बजे नाली के गंदे पानी के बीच सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आंदोलन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में वार्डवासी मौके पर पहुंच गए और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। खास बात यह रही कि वार्डवासियों ने नाली के गंदे पानी और बदबू के बीच बैठकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
छह घंटे तक नहीं पहुंचे अधिकारी, बढ़ता गया आक्रोश –
सुबह 8 बजे शुरू हुआ धरना दोपहर करीब 2 बजे तक लगातार चलता रहा।
, लगभग छह घंटे तक आंदोलन स्थल पर बैठे रहने के बावजूद जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद की ओर से कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
इससे वार्डवासियों का आक्रोश और बढ़ गया। अधिकारियों की उदासीनता से नाराज वार्डवासियों ने दोपहर करीब 2 बजे यादव समाज सामुदायिक भवन के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और सड़क पर ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर चारपहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
थाना प्रभारी ने समझाया, लेकिन लिखित आश्वासन पर अड़े वार्डवासी –
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ, थाना प्रभारी जयकुमार साहू मौके पर पहुंचे और वार्डवासियों से चर्चा करते हुए चक्काजाम समाप्त करने की समझाइश दी। हालांकि वार्डवासी अपनी मांगों पर अडिग रहे।
वार्डवासियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक मुख्य नगर पालिका अधिकारी अथवा सक्षम अधिकारी मौके पर उपस्थित होकर समस्याओं के निराकरण का लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक चक्काजाम और धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
एसडीएम पहुंचे मौके पर, सुनी वार्डवासियों की समस्याएं – 
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सुमित बघेल आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने वार्डवासियों से चर्चा की और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना।
वार्डवासियों ने बताया कि यादव मोहल्ला की गली में नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से नालियों की साफ-सफाई नहीं कराई जाती है। इसके कारण नालियों का गंदा पानी सड़क और गली में जमा रहता है। गंदे पानी के बीच से लोगों को आवागमन करना पड़ता है। वहीं लंबे समय से सीसी रोड का निर्माण नहीं होने के कारण समस्या और गंभीर बनी हुई है।
वार्डवासियों ने मांग की कि नालियों की मरम्मत एवं नियमित सफाई के साथ-साथ गली में सीसी रोड का निर्माण तत्काल कराया जाए।
30 नवंबर तक कार्य कराने का लिखित आश्वासन –
एसडीएम सुमित बघेल द्वारा वार्डवासियों को समझाइश देते हुए आंदोलन समाप्त करने की अपील की गई, लेकिन वार्डवासी लिखित आश्वासन पर अड़े रहे।
इसके बाद प्रशासन की ओर से 30 नवंबर तक वार्ड में नालियों की मरम्मत, सीसी रोड निर्माण तथा नियमित रूप से साफ-सफाई करवाने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद वार्डवासियों ने दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर चक्काजाम एवं धरना-प्रदर्शन समाप्त किया।
इस तरह सुबह 8 बजे शुरू हुआ आंदोलन करीब 7 घंटे 30 मिनट तक चला।
गंदे पानी के बीच 7 घंटे 30 मिनट तक बैठे रहे मनोज टंडन और बिहारी लाल ताम्रकार –
आंदोलन के दौरान पार्षद पति मनोज टंडन और वार्ड में निवासरत समाजसेवी बिहारी लाल ताम्रकार ने भी वार्डवासियों के साथ नाली के गंदे पानी के बीच बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया।
सुबह 8 बजे से शुरू हुए धरना-प्रदर्शन से लेकर दोपहर 3:30 बजे आंदोलन समाप्त होने तक दोनों लगातार आंदोलन स्थल पर बैठे रहे। करीब 7 घंटे 30 मिनट तक नाली के गंदे पानी के बीच बैठकर उन्होंने वार्डवासियों की मांगों का समर्थन किया।
पार्षद शेख सितारा टंडन ने कहा—आश्वासन पूरा नहीं हुआ तो फिर होगा आंदोलन
वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद शेख सितारा टंडन ने कहा कि वार्ड की नाली और सड़क की समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद को कई बार अवगत कराया गया और ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। मजबूर होकर वार्डवासियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा 30 नवंबर तक सीसी रोड निर्माण, नालियों की मरम्मत और नियमित साफ-सफाई का लिखित आश्वासन दिया गया है। वार्डवासियों ने इसी आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त किया है।
मनोज टंडन बोले—मांग पूरी नहीं हुई तो राष्ट्रीय राजमार्ग पर होगा चक्काजाम –
पार्षद पति मनोज टंडन ने कहा कि नगर पालिका परिषद को बार-बार ज्ञापन देने के बाद भी नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं कराई गई। नाली का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से वार्डवासियों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इसी कारण लोगों को सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने 30 नवंबर तक कार्य कराने का लिखित आश्वासन दिया है। यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ तो वार्डवासी दोबारा आंदोलन करेंगे और इस बार राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बिहारी लाल ताम्रकार ने कहा—सफाई और सीसी रोड का काम तत्काल शुरू हो
समाजसेवी बिहारी लाल ताम्रकार ने कहा कि सुबह से दोपहर तक आंदोलन स्थल पर अधिकारियों की अनुपस्थिति से वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ती गई। इसके बाद मजबूरी में मुख्य सड़क पर चक्काजाम करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर आश्वासन देने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया है। नगर पालिका परिषद को चाहिए कि वार्ड की गली में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए और सीसी रोड निर्माण का कार्य तत्काल शुरू किया जाए, ताकि लोगों को गंदे पानी के बीच से आवागमन करने की परेशानी से निजात मिल सके।
वार्डवासियों में रोष, अब समय-सीमा पूरी होने का इंतजार –
वार्ड क्रमांक 11 में नाली के गंदे पानी की समस्या को लेकर हुए इस आंदोलन ने नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वार्डवासियों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और सड़क निर्माण की समस्या का समाधान कर दिया जाता तो उन्हें घंटों गंदे पानी के बीच बैठकर आंदोलन करने और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
फिलहाल प्रशासन द्वारा 30 नवंबर की समय-सीमा निर्धारित किए जाने के बाद वार्डवासियों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि उन्हें दिया गया लिखित आश्वासन धरातल पर कब तक दिखाई देता है। यदि निर्धारित समय में कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन दोबारा उग्र होने की चेतावनी भी दी गई है।













