वेल विशर फाउंडेशन ने आयोजित किया साइबर अपराध जागरूकता एवं सम्मान समारोह
विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय, सामाजिक योगदान के लिए विभिन्न संस्थाओं एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया 
अकलतरा – आधुनिक तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध की चुनौतियां भी लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों एवं आमजन को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसी उद्देश्य को लेकर वेल विशर फाउंडेशन के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर, अकलतरा के प्रांगण में साइबर अपराध जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, मोबाइल के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से सतर्कता तथा यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वहीं समाजसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न संस्थाओं एवं समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समारोह में जिला साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, थाना अकलतरा प्रभारी जय कुमार साहू, वरिष्ठ समाजसेवी ओम प्रकाश साहू, बिहारी लाल ताम्रकार एवं सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य केशव कौशिक अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा किया गया।
साइबर अपराध से बचने विद्यार्थियों को किया जागरूक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने वेल विशर फाउंडेशन द्वारा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों एवं उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल और इंटरनेट शिक्षा एवं ज्ञान का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, लेकिन इनका असावधानीपूर्वक उपयोग गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल का उपयोग पढ़ाई, ज्ञानवर्धक सामग्री एवं सकारात्मक कार्यों के लिए करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन, मैसेज अथवा लिंक पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, पासवर्ड एवं अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्कता एवं जागरूकता को सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय बताते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश
थाना अकलतरा प्रभारी जय कुमार साहू ने साइबर अपराध के साथ-साथ विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने, तीन सवारी वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल कार्रवाई करने की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित व्यक्ति साइबर ठगी होने पर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है अथवा नजदीकी थाने में इसकी सूचना देकर रिपोर्ट दर्ज करा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सजग रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल परिजनों अथवा पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
अतिथियों ने फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की
वेल विशर फाउंडेशन के सदस्य दीपक साहू ने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारियों को ध्यानपूर्वक सुनने और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध के विरुद्ध सबसे प्रभावी सुरक्षा है। कार्यक्रम को वरिष्ठ समाजसेवी ओम प्रकाश साहू, बिहारी लाल ताम्रकार एवं प्राचार्य केशव कौशिक ने भी संबोधित किया और विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी तथा सुरक्षित तकनीकी उपयोग के लिए प्रेरित किया।
सामाजिक योगदान के लिए संस्थाओं एवं समाजसेवियों का सम्मान
समारोह का विशेष आकर्षण सम्मान समारोह रहा। वेल विशर फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, समाजसेवा एवं सामाजिक कार्यों में सहयोग प्रदान करने वाली विभिन्न संस्थाओं एवं समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में सरस्वती शिशु मंदिर अकलतरा, गायत्री हाई स्कूल अकलतरा, सेंट जेवियर्स स्कूल, मां गायत्री संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटनई, स्व. जी.डी. दीवान हायर सेकेंडरी स्कूल कटनई, दिव्य मॉडर्न स्कूल नरियरा, शासकीय इन्द्रजीत महाविद्यालय की एनएसएस इकाई, आत्मानंद स्कूल तथा पर्यावरण मित्र दिकपाल साहू शामिल रहे।
सम्मानित संस्थाओं एवं समाजसेवियों के योगदान की सराहना करते हुए फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का सम्मान अन्य लोगों को भी सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करता है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच, जागरूकता एवं सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं।
विद्यार्थियों की सहभागिता ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण की उपस्थिति रही। साइबर अपराध एवं यातायात सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर पुलिस अधिकारियों से सीधे जानकारी मिलने से विद्यार्थियों में भी जागरूकता का संचार हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि आधुनिक तकनीक का उपयोग ज्ञान एवं विकास के लिए किया जाए, लेकिन ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान आवश्यक सावधानी और सतर्कता हमेशा बरती जाए।
कार्यक्रम का सफल संचालन फाउंडेशन के सचिव चिराग शर्मा ने किया, जबकि सदस्य श्रीपाल सिंह बैस ने आभार प्रदर्शन किया। समारोह में फाउंडेशन की कोषाध्यक्ष श्रीमती रंजना सिंह, सदस्य दीपक साहू, श्रीपाल सिंह बैस, प्रशांत कोटनगले, प्रेम निलमकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सम्मानित संस्थाओं एवं समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वेल विशर फाउंडेशन का यह आयोजन न केवल साइबर अपराध के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने का माध्यम बना, बल्कि शिक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं और व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया।













