अकलतरा पुलिस की तत्परता से नगर में टली बड़ी आगजनी, 14 लोगों की जान बचाई गई
रात 2:30 बजे सिसोदिया कॉम्प्लेक्स में कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग, प्रथम तल पर फंसे 5 परिवारों को पुलिस ने सुरक्षित निकाला
अकलतरा। नगर में बीती देर रात उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब अंबेडकर चौक के पास स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स की कपड़ा दुकान नीरज कलेक्शंन में अचानक भीषण आग लग गई। घटना रात करीब 2:30 बजे की है। उस समय पुलिस गश्त दल की सतर्क नजरों के चलते आग का पता समय रहते चल गया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को सूचना दी और आग में फंसे प्रथम तल पर रहने वाले 5 परिवारों के 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर बड़ी जनहानि को टाल दिया।
धुएं और लपटों के बीच पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू
रात्रि गश्त के दौरान अकलतरा पुलिस दल को सिसोदिया कॉम्प्लेक्स स्थित नीरज कलेक्शंस दुकान से आग की लपटें और घना धुआं निकलता दिखाई दिया। पुलिस ने तत्काल स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आसपास के लोगों को सतर्क किया। इसी दौरान जानकारी मिली कि दुकान के प्रथम तल पर परिवार निवासरत हैं और आग के कारण उनके बाहर निकलने का रास्ता बाधित हो गया है।
पुलिस ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। आग तेजी से फैल रही थी और प्रथम तल से नीचे आने वाली सीढ़ियों पर भी आग की तेज लपटें उठ रही थीं। ऐसी विषम परिस्थिति में भी पुलिसकर्मियों ने हिम्मत नहीं हारी और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की।
विद्युत विभाग से समन्वय कर सुरक्षित निकाले गए 14 लोग
सीढ़ियों पर आग होने के कारण प्रथम तल पर फंसे लोगों का नीचे आना मुश्किल था। पुलिस ने विद्युत विभाग से समन्वय कर सीढ़ी की व्यवस्था कराई और उसके माध्यम से प्रथम तल पर निवासरत 5 परिवारों के कुल 14 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए लोगों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं एवं 2 पुरुष सहित कुल 14 सदस्य शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सका।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस ने आग पर नियंत्रण पाने के लिए तत्काल अग्निशमन दल को सूचना दी। होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट की फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। अग्निशमन दल और पुलिसकर्मियों ने करीब ढाई घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर पूरी तरह काबू पाया।
पुलिस की तत्परता के चलते आग को आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से भी रोक लिया गया। यदि समय रहते आग का पता नहीं चलता और प्रथम तल पर फंसे परिवारों का रेस्क्यू नहीं किया जाता तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
पुलिस की सजगता ने टाली बड़ी जनहानि
पूरी घटना में अकलतरा पुलिस की सजगता, त्वरित निर्णय क्षमता, साहस और मानवीय संवेदनशीलता देखने को मिली। रात के समय नियमित गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा आग का पता लगाना और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू करना 14 लोगों की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित हुआ।
रेस्क्यू किए गए परिवारों सहित क्षेत्रवासियों ने पुलिस की तत्पर कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की समय पर दिखाई गई सक्रियता के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरे रेस्क्यू एवं अग्निशमन अभियान में निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी अकलतरा, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर सहित थाना अकलतरा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा अग्निशमन दल होमगार्ड जांजगीर एवं जे.एस.डब्ल्यू. प्लांट फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी आग पर काबू पाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अकलतरा पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि संकट की घड़ी में पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर नागरिकों की जान बचाने के लिए भी पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ मैदान में उतरती है।












