नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने डिवाइडर निर्माण की मांग, भाजयुमो ने सीएमओ एवं नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
अकलतरा। नगर में लगातार बढ़ती यातायात समस्या, वाहनों की बढ़ती संख्या और प्रमुख मार्गों पर आए दिन उत्पन्न होने वाली जाम की स्थिति को देखते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा नगर मंडल अकलतरा ने यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में पहल की है। भाजयुमो द्वारा रेलवे स्टेशन से शास्त्री चौक तथा शास्त्री चौक से अग्रसेन चौक तक डिवाइडर निर्माण की मांग को लेकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति सारथी को ज्ञापन सौंपा गया।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष आयुष शर्मा ने कहा कि रेलवे स्टेशन से अग्रसेन चौक तक का मार्ग नगर का प्रमुख आवागमन मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों का आवागमन होता है। वाहनों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि के कारण मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा है और आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती है। इसके चलते आम नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि प्रमुख मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक होने के कारण वाहनों के अनियंत्रित आवागमन से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। विशेषकर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान पैदल चलने वाले एवं दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है। ऐसे में यातायात को व्यवस्थित करने तथा सड़क की क्षमता का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए डिवाइडर निर्माण समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गई है।
भाजयुमो ने ज्ञापन के माध्यम से रेलवे स्टेशन से शास्त्री चौक तथा शास्त्री चौक से अग्रसेन चौक तक डिवाइडर निर्माण कराने की मांग की है। भाजयुमो पदाधिकारियों का कहना है कि डिवाइडर बनने से वाहनों का आवागमन निर्धारित दिशा में संचालित किया जा सकेगा, सड़क पर अनावश्यक कट एवं अव्यवस्थित तरीके से वाहन मोड़ने की समस्या कम होगी तथा यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु एवं सुरक्षित हो सकेगी। इसके साथ ही दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में भी मदद मिलेगी।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष आयुष शर्मा ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि जनहित एवं नगर की बढ़ती यातायात आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए तथा डिवाइडर निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के साथ-साथ बेहतर यातायात व्यवस्था भी आवश्यक है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका प्रशासन को मिलकर प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजयुमो मंडल अध्यक्ष आयुष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, महामंत्री संजू सिंह, फियांशु वैष्णव, वेदांत सिंह, अश्वनी साहू, निशांत कौशिक, शुभम जायसवाल, शुभम श्रीवास, सुनील साहू, पार्षद पिंटू बरेठ, दारा मिश्रा, सुरेश मिर्चन्य, रुक्मनी वैष्णव, दिनेश दास, कमलेश वैष्णव, आशीष प्रसाद, रमेश पालीवाल, संतन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












