सड़क हादसों पर लगाम और यातायात व्यवस्था सुधारने विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने सख्त निर्देश दिए
ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन, अतिक्रमण हटाने, स्टॉपर लगाने और डिवाइडर निर्माण पर विस्तार से चर्चा हुई 
अकलतरा – अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अकलतरा एवं बलौदा नगर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और सुगम बनाने को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है, विधानसभा के बजट सत्र में विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह द्वारा क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात संबंधी समस्याओं का विषय प्रमुखता से उठाए जाने के बाद गृह एवं परिवहन मंत्री द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, इसी क्रम में आज नगर पालिका कार्यालय के सभाकक्ष में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, लोक निर्माण विभाग एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई,
बैठक में विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए अधिकारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन करने तथा वहां सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल दुर्घटना होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से ही संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था विकसित करना जरूरी है।
बैठक में ट्रैफिक डीएसपी उदयन बेहार, एसडीएम सुमित बघेल, एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, तहसीलदार अविनाश चौहान, थाना प्रभारी जय कुमार साहू, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति सारथी, उपाध्यक्ष दिवाकर राणा सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं अन्य संबंधित अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अकलतरा और बलौदा में ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश –
विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने अकलतरा एवं बलौदा नगर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर ट्रैफिक स्टॉपर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाजार एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था ऐसी हो कि आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और वाहन चालकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अकलतरा नगर की यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक में डिवाइडर निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में डिवाइडर निर्माण की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई, अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान स्थिति में सड़क की चौड़ाई डिवाइडर निर्माण के लिए पर्याप्त नहीं है, इसके लिए पहले सड़क को और चौड़ा करने की आवश्यकता होगी, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का पुनः निरीक्षण एवं आवश्यक तकनीकी परीक्षण करने के बाद आगे की कार्रवाई एवं निर्णय लेने की बात कही गई।
रेलवे स्टेशन से अंबेडकर चौक तक यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर –
विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने अकलतरा रेलवे स्टेशन से लेकर अंबेडकर चौक तक लगने वाले जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को तत्काल बेहतर बनाने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि यह नगर का महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों का आवागमन होता है, सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति से आम नागरिकों को परेशानी होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
उन्होंने अधिकारियों से यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ आम जनता के लिए आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
अतिक्रमण और सड़क पर लगने वाले ठेले हटाने पर बनी सहमति –
बैठक में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने भी नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता पर जोर दिया, अधिकारियों ने कहा कि सड़क के किनारे और बीच मार्ग में अव्यवस्थित रूप से लगाए जाने वाले फल एवं सब्जी के ठेलों के कारण यातायात बाधित होता है, ऐसे ठेलों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने अथवा मुख्य मार्ग से हटाने की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई,
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क की उपयोगी चौड़ाई को बनाए रखना आवश्यक है, इसके लिए अतिक्रमण हटाने के साथ ही सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों और यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर भी कार्रवाई की आवश्यकता है।
अकलतरा और बलौदा बाईपास पर भी हुई चर्चा –
बैठक में अकलतरा एवं बलौदा नगर में बाईपास सड़क निर्माण की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। भारी वाहनों एवं बढ़ते यातायात के दबाव को नगर के मुख्य मार्गों से कम करने के लिए बाईपास को महत्वपूर्ण विकल्प माना गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने यातायात के दीर्घकालीन समाधान के लिए बाईपास निर्माण सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने अकलतरा, बलौदा सहित पूरे अकलतरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग एवं नगरीय निकाय को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा, उन्होंने अधिकारियों से दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, यातायात नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने, सड़क सुरक्षा उपायों तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
बैठक में लिए गए निर्णयों से आने वाले दिनों में अकलतरा एवं बलौदा नगर की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में ठोस पहल की उम्मीद जगी है।












