चालीहो महोत्सव से भक्तिमय हुआ माहौल, उल्लास और एकजुटता से गूंज रहा समाज
अकलतरा – नगर में पूज्य सिंधी समाज द्वारा चालीहो महोत्सव का आयोजन पूरे उत्साह, श्रद्धा और उमंग के साथ किया जा रहा है, महोत्सव को लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है, स्वतंत्रता दिवस भी समाजजनों द्वारा धूमधाम और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। वहीं महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह एवं शाम पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और सामूहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
चालीहो महोत्सव के अवसर पर समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सुबह की धार्मिक गतिविधियों से जहां वातावरण भक्तिमय हो रहा है, वहीं शाम को होने वाली पूजा-अर्चना एवं सामूहिक सहभागिता से महोत्सव का उत्साह और भी बढ़ रहा है। समाज के महिला, पुरुष, युवा और बच्चे सभी बढ़-चढ़कर आयोजन में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं,
महोत्सव केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी बन रहा है। आयोजन में समाज के लोगों की सक्रिय सहभागिता से आपसी मेल-जोल और सामाजिक एकजुटता का भाव मजबूत हो रहा है, लंबे समय से चली आ रही परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में भी ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है, 
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी समाजजनों ने राष्ट्रीय भावना के साथ कार्यक्रम आयोजित किए। तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान देने वाले वीर शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया। धार्मिक आस्था और राष्ट्रभक्ति के इस संगम ने आयोजन को विशेष बना दिया।
चालीहो महोत्सव के आयोजन से समाज के लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है, प्रतिदिन होने वाले कार्यक्रमों में बढ़ती सहभागिता यह दर्शा रही है कि समाज अपनी परंपरा, संस्कृति और धार्मिक विरासत को लेकर जागरूक है, बुजुर्गों के मार्गदर्शन और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से महोत्सव में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है।
आयोजन से जुड़े समाजजनों का कहना है कि चालीहो महोत्सव हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का कार्य करते हैं। महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी समाज के लोगों में खासा उत्साह बना हुआ है।












