यातायात जाम से निजात के लिए डिवाइडर निर्माण की मांग, भारतीय जनता युवा मोर्चा ने हस्ताक्षर अभियान चलाया 
अकलतरा – नगर में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव और शाम के समय मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा नगर मंडल द्वारा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित एवं सुगम बनाने की दिशा में पहल की गई। इसी क्रम में नगर के प्रमुख मार्गों पर डिवाइडर निर्माण की मांग को लेकर शास्त्री चौक में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में हस्ताक्षर कर डिवाइडर निर्माण की मांग का समर्थन किया।
भाजयुमो नगर मंडल द्वारा नगर के रेलवे स्टेशन से शास्त्री चौक तक तथा शास्त्री चौक से अग्रसेन चौक तक मुख्य मार्ग पर डिवाइडर निर्माण की मांग उठाई गई है, युवा मोर्चा का कहना है कि इन मार्गों पर दिनभर वाहनों का आवागमन बना रहता है, जबकि शाम के समय यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। सड़क पर वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही, दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों तथा सड़क किनारे होने वाली गतिविधियों के कारण कई बार यातायात बाधित होकर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों और आसपास के व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर दिया समर्थन
डिवाइडर निर्माण की मांग को लेकर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में नगर के नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई। लोगों ने हस्ताक्षर करते हुए कहा कि मुख्य मार्ग पर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए स्थायी एवं प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है। नागरिकों का मानना है कि रेलवे स्टेशन से शास्त्री चौक और शास्त्री चौक से अग्रसेन चौक तक डिवाइडर का निर्माण होने से वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी तथा सड़क पर अचानक होने वाले कट और गलत दिशा से आने-जाने वाले वाहनों पर भी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान भाजयुमो पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आम नागरिकों को डिवाइडर निर्माण की आवश्यकता और इससे होने वाले संभावित लाभों के संबंध में जानकारी दी। अभियान को नगरवासियों से मिले व्यापक समर्थन ने यह संकेत दिया कि यातायात जाम की समस्या अब शहरवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहल –
भाजयुमो नगर मंडल ने कहा कि नगर का विस्तार और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को अभी से व्यवस्थित करना जरूरी है। मुख्य मार्ग पर डिवाइडर का निर्माण होने से वाहनों की दिशा निर्धारित करने, अनावश्यक कट से बचने और यातायात के दबाव को नियंत्रित करने में सहायता मिल सकती है। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने तथा आम नागरिकों के आवागमन को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
युवा मोर्चा द्वारा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से नागरिकों की मांग और भावना को सामने लाते हुए संबंधित प्रशासन एवं जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया। संगठन ने उम्मीद जताई कि नागरिकों की व्यापक मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्य मार्ग पर डिवाइडर निर्माण के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
हस्ताक्षर अभियान में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष गोपेश तुलस्यान, महामंत्री गोवर्धन साहू, एल्डरमैन श्यामाचरण चौधरी, भाजयुमो नगर मंडल अध्यक्ष आयुष शर्मा, पार्षद पिंटू बरेठ, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, भाजयुमो महामंत्री संजू सिंह आशीष कैवर्त, हरप्रकाश धीवार, छोटू कश्यप, दीपक पटेल, वेदांत सिंह चौहान, फियांशु वैष्णव, शुभम जायसवाल, लोकेन्द्र तिवारी, प्रदीप भारद्वाज, शुभम श्रीवास, चंद्रेश निर्मलकर, विनोद साहू एवं छोटेलाल यादव सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।
भाजयुमो के इस अभियान से नगर में यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि नागरिकों द्वारा किए गए हस्ताक्षरों और उठाई गई मांग के बाद प्रशासन द्वारा मुख्य मार्ग पर डिवाइडर निर्माण की दिशा में कब तक ठोस पहल की जाती है।












