रिजर्वेशन काउंटर का समय घटाने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, पूर्ववत समय रखने की मांग को लेकर रेल संघर्ष समिति द्वारा सहायक वाणिज्य प्रबंधक को ज्ञापन सौपा गया
अकलतरा – रेलवे द्वारा रिजर्वेशन काउंटर के संचालन समय में कटौती किए जाने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को आरक्षण कराने में दिक्कतें हो रही हैं, यात्रियों की इस समस्या को लेकर रेल संघर्ष समिति ने रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए रिजर्वेशन काउंटर का समय पूर्व की तरह सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक यथावत रखने की मांग की है,
इसी मांग को लेकर रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर पहुंचकर सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी एस चौहान को ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन के माध्यम से रेल संघर्ष समिति के संतोष अग्रवाल ने बताया कि अकलतरा क्षेत्र के बड़ी संख्या में यात्री रेल सेवा का उपयोग करते हैं।, इनमें प्रतिदिन कामकाज के सिलसिले में आवागमन करने वाले यात्रियों के साथ-साथ उपचार, शिक्षा, व्यापार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बाहर जाने वाले लोग भी शामिल हैं,
समिति का कहना है कि रिजर्वेशन काउंटर का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं शाम 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक केवल 6 घंटे तक किये जाने से उन यात्रियों के सामने सबसे बड़ी समस्या उत्पन्न हो रही है, जो दिन के समय अपने काम या व्यवसाय में व्यस्त रहते हैं, ऐसे यात्रियों के लिए सुबह जल्दी अथवा शाम के समय टिकट आरक्षित कराने की सुविधा बेहद आवश्यक है। समय में कटौती होने से उन्हें आरक्षण के लिए अतिरिक्त समय निकालना पड़ रहा है और कई बार तत्काल यात्रा की आवश्यकता होने पर भी परेशानी का सामना करना पड़ता है,
समिति ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए रिजर्वेशन काउंटर का संचालन पूर्व निर्धारित समयानुसार सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक किया जाए। समिति ने कहा कि अकलतरा एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है और आसपास के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के लोग भी यहां से रेल यात्रा के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में रिजर्वेशन सुविधा के समय में कटौती यात्रियों के हित में नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल ने सहायक वाणिज्य प्रबंधक से आग्रह किया कि यात्रियों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मामले पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए और काउंटर का पुराना समय बहाल किया जाए, समिति ने कहा कि रेलवे की आरक्षण व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराना है, इसलिए समय में कटौती के बजाय यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप सुविधा को मजबूत किया जाना चाहिए, रेल संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि यात्रियों की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनहित में आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे, समिति ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की परेशानी को समझते हुए रिजर्वेशन काउंटर का समय पूर्ववत करने की दिशा में शीघ्र निर्णय लेगा, ज्ञापन कार्यक्रम में महेश सिंह बनाफर ,नवल अग्रवाल एवं नगर के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों द्वारा भी रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है – रेलवे द्वारा रिजर्वेशन काउंटर का समय घटाने एवं यात्रियों को असुविधा होने से पूर्व की तरह रिजर्वेशन काउंटर सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक संचालन की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज नगर इकाई अध्यक्ष विजय केड़िया द्वारा रेलवे के जीएम एवं डीआरएम को पत्र प्रेषित किया जा चुका है।












