किरारी में नाग पंचमी मेला एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, भारी बारिश के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी 
अकलतरा – ग्राम पंचायत किरारी में नाग पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक नाग पंचमी मेला तथा कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन शांतिपूर्ण, उत्साहपूर्ण एवं धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद मेले में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। नाग देवता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए किरारी में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा मेला परिसर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार रहा।
नाग देवता के दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें –
नाग पंचमी के अवसर पर सुबह से ही किरारी स्थित नाग देवता मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से नाग देवता की पूजा-अर्चना कर दूध-लाई एवं नारियल अर्पित किया। मंदिर परिसर में दर्शन एवं पूजन के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। भारी बारिश के बीच भी श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए घंटों कतार में खड़े रहे।
कई श्रद्धालु मनोकामना पूर्ण होने पर अपनी श्रद्धा एवं परंपरा के अनुसार जमीन नापते हुए गुरुवाईंन दाई मंदिर तक पहुंचे। इस दौरान श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंदिर परिसर में शिवाभिषेक भी किया गया।
सुबह से रात तक चलता रहा भंडारा एवं प्रसाद वितरण –
मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए ग्राम पंचायत एवं मेला समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। सुबह से लेकर रात्रि तक श्रद्धालुओं को खीर-पुड़ी, दूध-लाई एवं नारियल का प्रसाद वितरित किया गया। बारिश के बावजूद प्रसाद वितरण लगातार जारी रहा।
मेले में आने वाले लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था, साफ-सफाई एवं प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मेला समिति एवं ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद –
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, अकलतरा थाना प्रभारी जय कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस बल एवं मेला समिति की संयुक्त टीम पूरे मेला क्षेत्र में तैनात रही। पुलिस जवानों द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम भी प्राथमिक उपचार की सुविधा के साथ मौजूद रही। प्रशासन एवं पुलिस की सतर्कता तथा मेला समिति की व्यवस्थाओं के कारण मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप मेला परिसर की दुकानों एवं कबड्डी प्रतियोगिता को निर्धारित समय तक संचालित कराने के बाद रात्रि में व्यवस्थित रूप से बंद कराया गया।
कबड्डी प्रतियोगिता में दिखा रोमांच, 32 टीमों ने लिया हिस्सा –
नाग पंचमी मेले के साथ आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही, प्रतियोगिता में जांजगीर-चांपा जिले के अलावा आसपास के अन्य जिलों से भी कबड्डी की टीमें पहुंचीं। बड़ी संख्या में टीमों की रुचि के बावजूद समयाभाव को देखते हुए मेला समिति द्वारा 32 टीमों को ही प्रतियोगिता में शामिल किया गया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बारिश के बीच भी खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान में मौजूद रहे और अपनी पसंदीदा टीमों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।
फाइनल मुकाबला रहा रोमांचक –
कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। शानदार रेड, बेहतरीन एवं आक्रामक खेल ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पूरे मुकाबले के दौरान मैदान तालियों एवं उत्साहपूर्ण नारों से गूंजता रहा।
प्रतियोगिता के समापन के बाद विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों एवं मेला समिति द्वारा सम्मानित किया गया।
विजेता टीमों को मिला पुरस्कार –
कबड्डी प्रतियोगिता में रलिया की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रथम पुरस्कार के रूप में टीम को 10 हजार रुपये, टी-शर्ट एवं शील्ड प्रदान की गई
तखतपुर की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जिसे 7 हजार रुपये, टी-शर्ट एवं शील्ड से सम्मानित किया गया।
नवागांव की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिसे 5 हजार रुपये, टी-शर्ट एवं शील्ड प्रदान की गई।
वहीं साबर की टीम को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 3 हजार रुपये, टी-शर्ट एवं शील्ड प्रदान की गई।
व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए बेस्ट कैचर का पुरस्कार तखतपुर के अजय यादव तथा बेस्ट रेडर का पुरस्कार रलिया के नागेश्वर को प्रदान किया गया।
विजेता टीमों एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरपंच अशोक कुमार कश्यप, रमेश चंद श्याम, डॉ. हेमंत कश्यप, फूल सिंह जगत एवं कमल कश्यप सहित मेला समिति के पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बारिश भी नहीं डिगा सकी श्रद्धालुओं का उत्साह
इस वर्ष नाग पंचमी के अवसर पर लगातार बारिश होने के बावजूद किरारी मेले में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र की धार्मिक आस्था और परंपरा की गहराई को एक बार फिर साबित कर दिया। बारिश के बीच भी श्रद्धालु परिवार सहित मेले में पहुंचे और नाग देवता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मेला परिसर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ ग्रामीण संस्कृति, खेल एवं सामाजिक सहभागिता का भी संगम देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्ग के लोग मेले का आनंद लेते नजर आए।
प्रशासन एवं पुलिस के सहयोग के लिए जताया आभार
मेले के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के बाद मेला समिति ने प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद सभी के सहयोग से मेला व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।
किरारी का नाग पंचमी मेला एक बार फिर आस्था, परंपरा, सामाजिक एकता और खेल भावना के अनूठे संगम के रूप में सामने आया। भारी बारिश के बावजूद लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने इस ऐतिहासिक मेले की लोकप्रियता एवं धार्मिक महत्व को और अधिक रेखांकित किया।












