हवन एवं सहस्त्रधारा के साथ श्री शिव महापुराण एवं रुद्राभिषेक का समापन हुआ श्री श्याम मनोहर मंदिर में आयोजित भंडारे में क्षेत्र के लोगों द्वारा बड़ी संख्या में उपस्थित होकर प्रसाद ग्रहण किया गया
अकलतरा – नगर के श्री श्याम मनोहर मंदिर में श्री श्याम परिवार द्वारा आयोजित पांच दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा एवं रुद्राभिषेक अनुष्ठान का समापन हवन, पूर्णाहुति एवं सहस्त्रधारा के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में हुआ।, पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शिव की आराधना की और कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया, 
समापन अवसर पर श्री धाम वृंदावन से पधारे पंडित माधवानंद महाराज के सानिध्य में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं यज्ञ संपन्न कराया गया, इसके पश्चात भगवान शिव का सहस्त्रधारा अभिषेक किया गया, मंदिर परिसर में गूंजते वैदिक मंत्रों और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दुग्ध एवं विभिन्न द्रव्यों से अभिषेक कर सुख, शांति, समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की, 
पंडित माधवानंद महाराज ने यज्ञ एवं अनुष्ठान के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में यज्ञ केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि वातावरण, मन और जीवन को सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने वाली पवित्र साधना है। उन्होंने श्री शिव महापुराण के महत्व की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि भगवान शिव की कथा मनुष्य को सत्य, संयम, सेवा, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। शिव महापुराण का श्रवण मन को शांति प्रदान करने के साथ जीवन में आध्यात्मिक चेतना का संचार करता है,
उन्होंने कहा कि भगवान शिव त्याग, करुणा, तपस्या और समभाव के प्रतीक हैं। शिव की आराधना हमें जीवन में विपरीत परिस्थितियों के बीच भी धैर्य बनाए रखने तथा सत्य और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों को केवल परंपरा तक सीमित न रखते हुए उनके संदेश और संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
पांच दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री श्याम मनोहर मंदिर पहुंचे और शिव महापुराण कथा का श्रवण किया। कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, शिव भक्ति, धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का मार्मिक वर्णन किया गया, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए, आयोजन के अंतिम दिन हवन एवं पूर्णाहुति के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब –
धार्मिक अनुष्ठान के समापन के पश्चात श्री श्याम मनोहर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में अकलतरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया, आयोजन स्थल पर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों में विशेष उत्साह दिखाई दिया,
पांच दिवसीय श्री शिव महापुराण एवं रुद्राभिषेक आयोजन ने नगर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण किया। आयोजन के सफल समापन पर श्रद्धालुओं ने आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव, एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ आयोजन का श्रद्धापूर्वक समापन हुआ।












